खंडवा में दुर्गा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा, ट्रैक्टर-ट्रॉली तालाब में पलटी, 11 लोगों की मौत

Accident in Khandwa: मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में बड़ा हादसा हुआ है, जहां पंधाना क्षेत्र के जामली गांव में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली तालाब में गिरने से 11 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 8 बच्चियां और 3 युवा शामिल हैं। इनमें सबसे छोटी उम्र 7 साल और सबसे बड़ी उम्र 25 साल बताई जा रही है। हादसे में घायल तीन लोगों की हालत गंभीर है, जिन्हें जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती किया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक राजगढ़ गांव के पाडला फाटा फलिया से करीब 35-40 ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए जामली तालाब पहुंचे थे। ट्रैक्टर जैसे ही तालाब किनारे पहुंचा, अचानक संतुलन बिगड़ गया और ट्रॉली पलटकर पानी में जा गिरी। ट्रैक्टर भी ट्रॉली पर पलट गया। ट्रॉली में सवार लोग पानी के अंदर दब गए।
यह भी पढ़ें:- कोलंबिया में राहुल गांधी के बयान पर सियासी बवाल, भाजपा हुई हमलावर, देश के लिए बताया अपमानजनक
तालाब की गहराई करीब 50 फीट बताई जा रही है। हादसे के बाद ग्रामीणों ने तालाब में कूदकर 9 लोगों को बाहर निकाला, जबकि बाकी लोगों को SDERF और प्रशासनिक टीम ने कई घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बाहर निकाला। ग्रामीणों ने बताया कि ट्रैक्टर चालक दीपक किराड़े को कोटवार ने तालाब किनारे जाने से रोका था, लेकिन उसने बात नहीं मानी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चालक नशे की हालत में लग रहा था। हादसे के बाद चालक फरार हो गया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। हादसे के बाद करीब दो घंटे तक स्थानीय लोग ही बचाव कार्य करते रहे। शाम साढ़े पांच बजे पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा। इसके बाद जेसीबी और बड़ी क्रेन की मदद से रेस्क्यू शुरू किया गया। (Accident in Khandwa)

रात 8:30 बजे तक आखिरी शव 7 साल की बच्ची चंदा का निकाला गया। सभी शवों का पोस्टमार्टम रात में ही जिला अस्पताल में किया गया। पंधाना के सिविल सर्जन अनिरुद्ध कौशल ने बताया कि तीन गंभीर घायलों सोनू सिंह (16), सोनू (18) और मंजुला (17) को खंडवा जिला अस्पताल रेफर किया गया है। उनके फेफड़ों में पानी भर गया है और उन्हें 48 घंटे तक ICU में निगरानी में रखा गया है। पाडला फाटा फलिया के लगभग 30-40 आदिवासी परिवार नवरात्रि का पर्व मना रहे थे। विसर्जन के दौरान हुए हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। गांव में किसी घर का चूल्हा नहीं जला। (Accident in Khandwa)

खंडवा कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने बताया कि हादसा अति उत्साह और लापरवाही से हुआ। वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख की सहायता राशि और घायलों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। यह हादसा केवल लापरवाही नहीं, बल्कि प्रशासनिक और सामाजिक चेतावनी है कि धार्मिक आयोजनों में सुरक्षा के इंतजाम और सावधानी बरतना कितना जरूरी है। (Accident in Khandwa)




