Google Analytics —— Meta Pixel

भारत कभी किसी दबाव में नहीं झुकेगा, मोदी देशहित के खिलाफ फैसला नहीं करेंगे: रूसी राष्ट्रपति पुतिन

Putin on PM Modi: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सोची शहर में आयोजित वाल्दाई पॉलिसी फोरम में वैश्विक राजनीति, ऊर्जा संकट और अमेरिका के दबावों पर खुलकर बयान दिए। उन्होंने कहा कि भारत किसी भी हालत में अपनी संप्रभुता के खिलाफ निर्णय नहीं लेगा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऐसे फैसले कभी नहीं करेंगे, जो देशहित के खिलाफ हों। पुतिन ने कहा कि अमेरिका भारत जैसे देशों पर दबाव बनाता है कि वे रूसी ऊर्जा न खरीदें, लेकिन खुद यूरेनियम के लिए रूस पर निर्भर है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर भारत रूसी तेल खरीदना बंद करता है तो उसे 9-10 अरब डॉलर का नुकसान होगा।

यह भी पढ़ें:- खंडवा में दुर्गा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा, ट्रैक्टर-ट्रॉली तालाब में पलटी, 11 लोगों की मौत

पुतिन ने कहा कि रूसी तेल की आपूर्ति बंद हुई तो कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर जा सकती हैं। ऊंचे टैरिफ और दबाव का असर अमेरिकी अर्थव्यवस्था पर भी पड़ेगा और वहां महंगाई बढ़ेगी। पुतिन ने PM मोदी को दोस्त बताते हुए कहा कि उनके साथ भरोसे से बातचीत हो सकती है। उन्होंने दिसंबर की शुरुआत में भारत यात्रा को लेकर उत्साह जताया और अपनी सरकार को निर्देश दिया कि भारत के साथ व्यापार असंतुलन को दूर करने के कदम उठाए जाएं। इसके लिए भारत को रूस से ज्यादा कृषि उत्पाद और दवाइयां खरीदने का सुझाव भी दिया।

अमेरिका और यूरोप पर कसे तंज

पुतिन ने कहा कि यूरोपीय संघ के नेता अपने नागरिकों को डराते रहते हैं कि रूस NATO देशों पर हमला करने वाला है।
उन्होंने इन बयानों को नेताओं की नाकाबिलियत और चालाकी बताया, ताकि असली मुद्दों से जनता का ध्यान भटके।
पुतिन ने साफ कहा कि रूस कभी कमजोर नहीं पड़ा और न ही होगा, जो रूस को हराने का सपना देखते हैं, वे हमेशा नुकसान उठाएंगे। पुतिन ने अमेरिका को चेतावनी दी कि अगर यूक्रेन को लंबी दूरी की टॉमहॉक मिसाइलें दी गई तो संबंध और बिगड़ जाएंगे। हालांकि उन्होंने दावा किया कि रूस का एयर डिफेंस जल्द ही इसका हल निकाल लेगा। (Putin on PM Modi)

अमेरिका की आंतरिक राजनीति पर टिप्पणी

उन्होंने अमेरिका में चार्ली कर्क की हत्या को जघन्य अपराध बताया और कहा कि यह वहां समाज में गहरी फूट को दर्शाता है। पुतिन ने कहा कि अगर अमेरिका या अन्य देश नए परमाणु परीक्षण करते हैं तो रूस भी पीछे नहीं रहेगा। उन्होंने रूस की परमाणु क्षमता पर भरोसा जताया और कहा कि भविष्य की दिशा स्पष्ट है। उन्होंने यह भी बताया कि रूस पारंपरिक मूल्यों को बढ़ावा दे रहा है, समान जेंडर संबंधों पर प्रतिबंध लगाया गया है और LGBTQ आंदोलन को आतंकवादी संगठन घोषित किया गया है। (Putin on PM Modi)

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप पर पलटवार

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के रूस को कागजी शेर कहने पर पुतिन ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि अगर रूस कागजी शेर है और फिर भी NATO से लड़ रहा है तो फिर NATO की हैसियत क्या है ? पुतिन ने कहा कि रूस भारत और चीन का आभारी है, जिन्होंने BRICS की स्थापना में अहम भूमिका निभाई। ये देश किसी का पक्ष नहीं लेते और न्यायपूर्ण विश्व व्यवस्था की दिशा में काम कर रहे हैं। कुल मिलाकर पुतिन के भाषण का मुख्य संदेश यही था कि रूस किसी भी दबाव में झुकने वाला नहीं है और भारत भी अपनी स्वतंत्र विदेश नीति पर अडिग रहेगा। (Putin on PM Modi)

Back to top button
error: Content is protected !!