छत्तीसगढ़ में बारिश का सिलसिला जारी, कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट, जानिए कहां कितनी हुई बारिश

Rain Alert in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर लगातार जारी है। बीते 24 घंटों के दौरान सभी संभागों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। रायपुर समेत कई क्षेत्रों में रातभर बारिश होती रही और शुक्रवार सुबह से रुक-रुक कर बूंदाबांदी का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने चेताया है कि अगले दो दिनों तक राज्य में बारिश का यह दौर जारी रह सकता है, जिसमें कुछ क्षेत्रों में मध्यम से तेज बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने कोरिया, मुंगेली और बलौदाबाजार जिलों में भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा बालोद, दुर्ग, सरगुजा, बस्तर, धमतरी, रायगढ़ समेत कुल 25 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। दूसरे जिलों में मौसम सामान्य रहने की संभावना है।
यह भी पढ़ें:- भारत कभी किसी दबाव में नहीं झुकेगा, मोदी देशहित के खिलाफ फैसला नहीं करेंगे: रूसी राष्ट्रपति पुतिन
बारिश के बीच बिजली गिरने छह लोगों की मौत हुई है। इनमें से दो महिलाएं गरियाबंद और चार युवक रायगढ़ जिले में मृत पाए गए। बताया जा रहा है कि सभी लोग तेज बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े थे या खेत से लौट रहे थे, तभी यह हादसे हुए। मौसम विभाग के मुताबिक 30 सितंबर तक हुई बारिश को मानसून की बारिश माना जाता है, जबकि इसके बाद की बारिश को ‘पोस्ट मानसून’ यानी मानसून के बाद की बारिश कहा जाता है। देश के कई हिस्सों में मानसून की वापसी शुरू हो चुकी है। छत्तीसगढ़ में आमतौर पर 5 अक्टूबर के आसपास सरगुजा की तरफ से मानसून लौटना शुरू होता है, लेकिन इस बार वापसी में देरी हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि इस बार प्रदेश में मानसून करीब 15 अक्टूबर के बाद लौटेगा। यानी सामान्य से करीब 10 दिन देर से मानसून लौटेगा। (Rain Alert in Chhattisgarh)
1151.0 मिलीमीटर औसत बारिश रिकॉर्ड
छत्तीसगढ़ में 1 जून से अब तक 1151.0 मिलीमीटर औसत बारिश रिकॉर्ड की जा चुकी है। राजस्व और आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से स्थापित राज्य स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष के अनुसार प्रदेश में अब तक बीजापुर जिले में सर्वाधिक 1592.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है। बेमेतरा जिले में सबसे कम 531.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई है। रायपुर संभाग के रायपुर जिले में 1050.7 मिलीमीटर, बलौदाबाजार में 923.9 मिलीमीटर, गरियाबंद में 1102.7 मिलीमीटर, महासमुंद में 959.6 मिलीमीटर और धमतरी में 1065.5 मिलीमीटर औसत बारिश दर्ज हुई है। बिलासपुर संभाग के बिलासपुर जिले में 1132.7 मिलीमीटर, मुंगेली में 1113.3 मिलीमीटर, रायगढ़ में 1341.7 मिलीमीटर, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 1074.5 मिलीमीटर, जांजगीर-चांपा में 1353.1 मिलीमीटर, सक्ती में 1242.5 मिलीमीटर, कोरबा में 1124.1 मिलीमीटर और गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही 1043.5 मिलीमीटर औसत बारिश दर्ज हुई है। (Rain Alert in Chhattisgarh)
दुर्ग संभाग के जिलों में बारिश
दुर्ग संभाग के दुर्ग जिले में 891.0 मिलीमीटर, कबीरधाम में 823.7 मिलीमीटर, राजनांदगांव में 978.0 मिलीमीटर, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में 1423.2 मिलीमीटर, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में 878.0 मिलीमीटर और बालोद में 1257.7 मिलीमीटर औसत बारिश दर्ज हुई है। सरगुजा संभाग के सरगुजा जिले में 767.3 मिलीमीटर, सूरजपुर में 1149.7 मिलीमीटर, बलरामपुर में 1537.9 मिलीमीटर, जशपुर में 1061.7 मिलीमीटर, कोरिया में 1207.6 मिलीमीटर और मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 1099.0 मिलीमीटर औसत बारिश दर्ज हुई है। बस्तर संभाग के बस्तर जिले में 1558.1 मिलीमीटर, कोंडागांव जिले में 1120.0 मिलीमीटर, कांकेर में 1338.9 मिलीमीटर, नारायणपुर में 1414.0 मिलीमीटर, दंतेवाड़ा में 1586.5 मिलीमीटर और सुकमा जिले में 1240.3 मिलीमीटर औसत बारिश रिकॉर्ड की जा चुकी है। (Rain Alert in Chhattisgarh)



