इंदिरा आवास की छत बनी काल, दानापुर में ढहा जर्जर मकान, नींद में ही पांच लोगों की जिंदगी खत्म

Accident in Patna: बिहार की राजधानी पटना के दानापुर से सटे मानस नया पानापुर गांव में दर्दनाक हादसा हुआ है, जहां देर रात जर्जर मकान की छत गिरने से एक ही परिवार के पांच लोगों की मौके पर मौत हो गई। मृतकों में पति, पत्नी और उनके तीन बच्चे शामिल हैं। हादसा सारण और पटना की सीमा से सटे दियारा क्षेत्र में हुआ है। मृतकों की पहचान मोहम्मद बबलू (35), उनकी पत्नी रोशन खातून (30), बेटी रुसार (12), बेटा मोहम्मद चांद (10) और सबसे छोटी बेटी चांदनी (2) के रूप में हुई है।
यह भी पढ़ें:- फरीदाबाद में डॉक्टर के घर से 300 किलो RDX बरामद, AK-56 और कारतूस भी मिले
स्थानीय लोगों के मुताबिक मोहम्मद बबलू ने कुछ साल पहले इंदिरा आवास योजना के तहत यह मकान बनवाया था। समय बीतने के साथ मकान काफी जर्जर हो गया था। रविवार की रात पूरा परिवार घर में सो रहा था, तभी अचानक छत भरभराकर गिर गई। देखते ही देखते पूरा परिवार मलबे के नीचे दब गया। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबा हटाने की कोशिश की, लेकिन जब तक लोगों को बाहर निकाला गया, तब तक पांचों की मौत हो चुकी थी। हादसे के वक्त मोहम्मद बबलू के भाई घर पर नहीं थे, जिससे उनकी जान बच गई। (Accident in Patna)
मोहम्मद बबलू के कमाई से चलता था घर
ग्रामीणों का कहना है कि हादसे से पहले छत में दरारें आ चुकी थी, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण परिवार मकान की मरम्मत नहीं करवा पा रहा था। मोहम्मद बबलू ही परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रशासनिक स्तर पर हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि अगर समय रहते मकान की मरम्मत या निरीक्षण हुआ होता तो शायद पांच जिंदगियां बचाई जा सकती थी। (Accident in Patna)



