Google Analytics —— Meta Pixel

नए साल पर सरगुजा में शराब की रिकॉर्ड बिक्री, अंबिकापुर के गोदाम से 40 लाख की अंग्रेजी शराब भी जब्त, नए साल में खपाने की थी तैयारी

Action on illegal Liquor: छत्तीसगढ़ में नए साल से ठीक एक दिन पहले यानी 31 दिसंबर को सरगुजा, रायगढ़ और बलरामपुर जिले में आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। अधिकारियों ने लाखों रुपए कीमत की शराब जब्त करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हालांकि सरगुजा जिले में नए साल पर शराब की खपत में भारी वृद्धि देखी गई है। 31 दिसंबर को सरगुजा जिले के 9 प्रमुख शराब दुकानों में करीब 1 करोड़ रुपए की शराब बिकी। पिछली बार नए साल पर जिले में लगभग 70 लाख रुपए की शराब बिकी थी। इस तरह इस साल शराब की बिक्री का सभी सालों का रिकॉर्ड टूट गया।

यह भी पढ़ें:- APK फाइल खोलते ही खाली हुआ बैंक अकाउंट, रायपुर के इंश्योरेंस कंसल्टेंट से 6.81 लाख की ठगी

शराबप्रेमियों की संख्या में बढ़ोतरी के कारण जिले में नए साल का जश्न और महंगा साबित हुआ। वहीं मुखबिर की सूचना के आधार पर संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम ने अंबिकापुर के कांतिप्रकाशपुर स्थित एक ट्रांसपोर्ट गोदाम में दबिश दी। टीम ने मौके से दो पिकअप में भरी 300 पेटी हरियाणा राज्य की अंग्रेजी शराब जब्त की, जिसकी कीमत लगभग 40 लाख रुपए बताई जा रही है। आरोपी सौरभ सिंह के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है, जो लंबे समय से दूसरे राज्यों की शराब लेकर अंबिकापुर में बिक्री करता था। इससे पहले उसके मैनेजर को पंजाब राज्य की अंग्रेजी शराब के साथ शहर से गिरफ्तार किया गया था, जिसकी कीमत 27 लाख रुपए थी। संभागीय उड़नदस्ता अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि आरोपी आदतन अपराधी हैं और जल्द ही उन्हें जेल भेजा जाएगा।

रायगढ़ में अवैध महुआ शराब जब्त

इधर, रायगढ़ कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर आबकारी विभाग की टीम ने खोखरा गांव में छापेमारी कर देवनारायण यादव को गिरफ्तार किया। टीम ने आरोपी के घर से 6 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की, जिसकी अनुमानित कीमत 1200 रुपए है। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया और उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। इस कार्रवाई में आबकारी उप-निरीक्षक याजेंद्र मेहर और मुख्य आरक्षक लालसिंह कंवर का विशेष योगदान रहा। आबकारी विभाग ने चेताया कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। (Action on illegal Liquor)

बलरामपुर में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई

वहीं बलरामपुर कलेक्टर राजेंद्र कटारा के निर्देश पर आबकारी विभाग की टीम ने आसनडीह गांव के कृष्ण मोहन गुजर्र के पास से उत्तर प्रदेश राज्य की 14.8 लीटर अवैध शराब जब्त की। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि अवैध शराब के निर्माण, विक्रय और परिवहन के साथ-साथ सार्वजनिक स्थलों पर मदिरापान और होटल-ढाबों में शराब रखने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। अवैध शराब की सूचना देने के लिए आबकारी नियंत्रण कक्ष के फोन नंबर 07831-299241 और टोल फ्री नंबर 14405 पर संपर्क किया जा सकता है। (Action on illegal Liquor)

Back to top button
error: Content is protected !!