मतदाता सूची से कट गया है नाम ? घबराएं नहीं, ऐसे जुड़वाएं दोबारा नाम और बचाएं वोट देने का अधिकार
SIR in Chhattisgarh 2026: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) 2026 की प्रक्रिया लगातार जारी है। इसके तहत राज्य की प्रारूप (ड्राफ्ट) मतदाता सूची 23 दिसंबर 2025 को प्रकाशित कर दी गई है। ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होने के बाद 23 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी 2026 तक दावा और आपत्ति की अवधि तय की गई है। इस दौरान वे मतदाता, जिनका नाम साल 2003 की एसआईआर मतदाता सूची से मिलान नहीं हो पाया है या जिनके रिकॉर्ड में अंतर पाया गया है, उन्हें संबंधित विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) की ओर से नोटिस भेजे जा रहे हैं।
नोटिस मिलने पर क्या करना होगा ?
जिन मतदाताओं को नोटिस मिला है, उन्हें अपने विधानसभा क्षेत्र के ERO या AERO के समक्ष भारत निर्वाचन आयोग की ओर से मान्य 13 निर्धारित दस्तावेजों में से आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। सुनवाई के बाद दस्तावेजों की जांच की जाएगी और उसके आधार पर ERO यह निर्णय लेंगे कि मतदाता सूची में नाम जोड़ा जाएगा या नहीं। राज्य में नो-मैपिंग वाले मतदाताओं की संख्या 6 लाख 40 हजार 145 है। इनमें से 31 दिसंबर 2025 तक लगभग 5 लाख 68 हजार 804 मतदाताओं के लिए नोटिस जारी किए जा चुके हैं। सभी नोटिस प्राप्त मतदाताओं को तय समय सीमा में दस्तावेज प्रस्तुत कर अनिवार्य रूप से सुनवाई में उपस्थित होना होगा।
जिनका नाम ड्राफ्ट सूची में नहीं है, वे क्या करें ?
जिन मतदाताओं ने गणना पत्र नहीं भरा था या किसी अन्य कारण से जिनका नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है, वे Form-6 के माध्यम से नाम जोड़ने के लिए आवेदन कर सकते हैं। मतदाता सूची में दर्ज विवरण में सुधार के लिए Form-8 में आवेदन किया जा सकता है। किसी नाम पर आपत्ति या नाम विलोपन के लिए Form-7 में आवेदन किया जा सकता है। ये सभी आवेदन ऑनलाइन या ऑफलाइन, आवश्यक दस्तावेज और घोषणा पत्र के साथ जमा किए जा सकते हैं। (SIR in Chhattisgarh 2026)
14 फरवरी तक सुनवाई, 21 फरवरी को अंतिम सूची
प्रदेश में दोबारा नाम जोड़ने के लिए अब तक 19 हजार 113 आवेदन आवेदन प्राप्त हुए हैं, जबकि नाम विलोपन के लिए 384 आवेदन प्राप्त हुए हैं। सभी दावे और आपत्तियों पर संबंधित विधानसभा क्षेत्र के ERO/AERO की ओर से भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार 14 फरवरी 2026 तक सुनवाई और दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद पात्र मामलों का निर्णय लेते हुए 21 फरवरी 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। (SIR in Chhattisgarh 2026)
राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील
विधानसभा स्तर पर दावा और आपत्ति की साप्ताहिक सूची निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साझा की जा रही है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी यशवंत कुमार ने राजनीतिक दलों से अपील की है कि वे इन सूचियों का अवलोकन कर पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने और अपात्र मतदाताओं के नाम हटाने में सहयोग करें। बता दें कि दावों और आपत्तियों की सुनवाई और दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 21 फरवरी 2026 को अंतिम सूची जारी की जाएगी।



