Google Analytics —— Meta Pixel

धान का अवैध भंडारण और परिवहन करने वालों पर एक्शन, अलग-अलग जिले से 270 से ज्यादा क्विंटल धान जब्त

Action on illegal Paddy: धमतरी जिले के प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति तरसींवा के उपार्जन केंद्र में खाद्य विभाग के अधिकारियों की टीम ने किसान गोपीचंद के बेचने के लिए लाए गए 90 क्विंटल 80 किलो धान को जब्त कर लिया है। धान जब्ती की यह कार्रवाई कोचिया से मिली भगत कर किसान द्वारा पुराने धान को नए धान के साथ मिक्स कर समर्थन मूल्य पर खपाने का आरोप सही पाए जाने पर की गई। गौरतलब है कि खाद्य विभाग के अधिकारियों की टीम तरसींवा धान उपार्जन केंद्र में गठित निगरानी समिति से प्राप्त सूचना के आधार पहुंची थी, जहां किसान गोपीचंद साहू द्वारा लाए गए धान का परीक्षण किया, जिसमें मिक्स किस्म का पुराना धान लाना पाया गया।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में औषधीय पौधों के नुस्खों का वैज्ञानिक रूप से हो रहा दस्तावेजीकरण: APCCF पांडेय

किसान गोपीचंद ने बताया कि रांवा में कुल 6 खसरों में 1.75 हेक्टेयर कृषि भूमि है, जिसका पंजीयन उपार्जन केंद्र तरसींवा में किया गया है। किसान गोपीचंद के बयान के बाद खाद्य विभाग के अधिकारियों और समिति के सदस्यों ने सभी खसरों का मौका मुआयना किया, जिसमें सिर्फ एक खसरे रकबा 0.73 हेक्टेयर पर ही धान की कटाई और मिंजाई होना पाया गया। जबकि बाकी खसरों पर खेत में धान होना पाया गया। खाद्य अधिकारी ने बताया कि किसान गोपीचंद ने रांवा के धान कोचिया देवेन्द्र कुमार के साथ मिलीभगत कर बचे धान की मात्रा 52.48 क्विंटल (मिक्स किस्म का पुराना धान) को उपार्जन केन्द्र में लाकर खपाने की कोशिश की। इस तरह कोचिया के धान को किसान गोपीचंद साहू ने अपने टोकन में फर्जी तरीके से बेचा। ऐसे में 90.80 क्विंटल धान को उपार्जन केंद्र तरसींवा में गठित निगरानी समिति के सदस्यों ने जब्ती की कार्रवाई की। (Action on illegal Paddy)

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में 176 क्विंटल धान जब्त

कार्रवाई में खाद्य विभाग और उपार्जन केंद्र तरसींवा में गठित निगरानी समिति के सदस्य बसंती नेताम, चंद्रकला साहू, विकास कुमार साहू, तोषी भूआर्य उपस्थित थे। वहीं गौरेला-पेंड्रा-मरवाही कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी के निर्देशानुसार जिले और राज्य की सीमावर्ती क्षेत्रों में धान की अवैध परिवहन की रोकथाम के लिए चेक पोस्ट बनाए गए हैं। साथ ही कोचियों-बिचौलियों पर राजस्व, खाद्य, मंडी और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम लगातार निगरानी रख रही है। इस बीच निगरानी दल ने खैरझिटी बार्डर में मध्यप्रदेश के उमरिया के ट्रक से 176.50 क्विंटल (429 बोरी) धान अवैध परिवहन करते पाए जाने पर उसे जब्त कर लिया है। साथ ही ट्रक को गौरेला थाना की अभिरक्षा में सौंप दिया है। इस प्रकरण में मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। (Action on illegal Paddy)

जशपुर में 45 बोरी अवैध धान जब्त

वहीं जशपुर कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देश पर दूसरे राज्यों से अवैध रूप से परिवहित और संग्रहित धान के खिलाफ जिला प्रशासन की सख्त कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में ओडिशा से अवैध रूप से धान परिवहित की जा रही एक पिकअप वाहन को फरसाबहार की संयुक्त टीम ने जब्त कर कार्रवाई की है। जानकारी के मुताबिक ग्रामीणों की दी गई सूचना के आधार पर नायब तहसीलदार फरसाबहार, फूड इंस्पेक्टर की संयुक्त टीम ने भंडारी सांकरा ओडिशा से आ रही पिकअप वाहन से लगभग 45 बोरी अवैध धान जब्त कर तुमला थाने को सौंप दिया है। बता दें कि छत्तीसगढ़ में 14 नवंबर से धान खरीदी जारी है, जो 31 जनवरी 2025 तक चलेगा। इस बीच धान की अवैध तस्करी और भंडारण की खबरें लगातार आ रही है। (Action on illegal Paddy)

Back to top button
error: Content is protected !!