कल आएंगे रायपुर दक्षिण उपचुनाव के नतीजे, सुबह 8 बजे से शुरू होगी मतगणना

Raipur South Bypoll Counting: रायपुर दक्षिण उपचुनाव के नतीजे कल यानी 23 नवंबर को आएंगे। इसके लिए मतगणना सेजबहार स्थित गवर्मेंट इंजीनियरिंग कॉलेज में होगी। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रीना बाबासाहेब कंगाले ने बताया कि रायपुर दक्षिण के उपचुनाव की मतगणना 23 नवंबर दिन शनिवार को नियत है। मतगणना तिथि को मतगणना कार्य गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज, सेजबहार, रायपुर (ब्लॉक-ई) में सम्पन्न किया जाएगा। निर्वाचन के लिए 2 सहायक रिटर्निंग अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। इसके अलावा मतगणना के लिए 4 अतिरिक्त सहायक रिटर्निंग अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। उन्होंने कहा कि मतगणना का काम सुबह 8 बजे से शुरू होगी, जिसमें सुबह 8 बजे से पोस्टल बैलेट की गणना होगी। पोस्टल बैलेट की गणना शुरू होने के बाद सुबह 8.30 बजे से EVM मशीनों के मतों की गणना शुरू होगी।
यह भी पढ़ें:- धान का अवैध भंडारण और परिवहन करने वालों पर एक्शन, अलग-अलग जिले से 270 से ज्यादा क्विंटल धान जब्त
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कंगाले ने बताया कि मतगणना हॉल में EVM में पड़े मतों की गिनती के लिए 14 टेबल लगाए गए हैं। यह गणना कुल 19 राउंड में पूरी होगी। पोस्टल बैलेट की गणना के लिए 1 अतिरिक्त टेबल की व्यवस्था की गई है। मतगणना हॉल के हर टेबल में एक-एक काउंटिंग सुपरवाइजर, काउंटिंग असिस्टेंट और माइक्रो आब्जर्वर होंगे, जो मतगणना का कार्य संपादित करेंगे। मतगणना हॉल में ही रिटर्निंग ऑफिसर की ओर से मतगणना की जानकारी को संधारित करने के लिए डाटा कम्पाइलेशन और अपलोडिंग सेक्शन बनाया गया है। मतगणना हॉल में अभ्यर्थी या अभ्यर्थियों के मतगणना एजेन्ट्स भी उपस्थित रह सकेंगे, जो मतगणना हॉल में किए गए फेंस से बाहर लगी हुई कुर्सियों में बैठकर मतगणना कार्य का अवलोकन कर सकेंगे। (Raipur South Bypoll Counting)
अनाधिकृत व्यक्ति का प्रवेश निषेध
उन्होंने कहा कि मतगणना हॉल में अनाधिकृत व्यक्ति का प्रवेश निषेध रहेगा। रिटर्निंग ऑफिसर अपने विवेक के अनुसार किसी भी व्यक्ति को मतगणना परिसर या मतगणना हॉल से बाहर जाने को कह सकते हैं और यह निर्देश बाध्यकारी होगा। मतगणना हॉल में रिटर्निंग अधिकारी के दिए निर्देश सर्वमान्य होगा। विवाद की स्थिति निर्मित होने पर रिटर्निंग ऑफिसर कानूनी कार्रवाई कर सकता है। मतगणना हॉल में इलेक्ट्रॉनिक आइटम्स जैसे- मोबाईल, आईपैड, लैपटॉप, स्मार्ट वाच, कैमरा, तम्बाकू, गुटखा ले जाना प्रतिबंधित है। मतगणना अभिकर्ता मतगणना हॉल में कोरा कागज , मतपत्र लेखा प्रारूप 17सी भाग-1 की प्रति, रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा प्रदाय किया गया EVM/VVPAT की सूची, जो विधानसभा के विभिन्न मतदान केन्द्रों में प्रयोग में लाई गई है और पेन-पेंसिल को ले जा सकेंगे। (Raipur South Bypoll Counting)
प्रति EVM सेट 40,000 रुपए देना होगा
मतगणना हॉल के भीतर मतगणना के परिणाम का योग करने के लिए हर टेबल पर एनालॉग कैल्क्यूलेटर की व्यवस्था की गई है, जिसका उपयोग अभ्यर्थी या उनके मतगणना अभिकर्ता कर सकते हैं। मतगणना परिसर में त्रिस्तरीय सुरक्षा रहेगी। हर स्तर में सुरक्षाकर्मियों की ओर से प्रत्येक व्यक्ति की गहन जांच की जाएगी। प्रत्येक व्यक्ति द्वारा सुरक्षाकर्मियों को अपना पहचान पत्र दिखाना अनिवार्य होगा। मतगणना कार्य की चक्रवार जानकारी भारत निर्वाचन आयोग के इनकोर काउंटिंग एप्लिकेशन में अपलोड किया जाएगा, जिसें आमजन https://results.eci.gov.in लिंक के माध्यम से देख सकते हैं। निर्वाचन परिणाम की घोषणा से 7 दिन के भीतर अधिकतम मत प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी के बाद क्रम संख्या 2 और 3 पर आने वाले अभ्यर्थी द्वारा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की अधिकतम 5 प्रतिशत EVM (बीयू, सीयू और वीवीपेट) की बर्न्ट मेमोरी/माइक्रोकंट्रोलर की जांच और सत्यापन के लिए आवेदन प्रस्तुत किया जा सकता है, जिसके लिए प्रति EVM सेट 40,000 रुपए (18 प्रतिशत जीएसटी अतिरिक्त) का शुल्क देना होगा। (Raipur South Bypoll Counting)



