नवा रायपुर में खतरनाक बाइक स्टंट का खेल, 9 स्टंटबाज गिरफ्तार, 7 बाइक भी जब्त

Action on Stunt Bikers: नवा रायपुर के सड़कों पर जान जोखिम में डालकर खतरनाक बाइक स्टंट करने वाले 9 युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इन युवकों के स्टंट के वीडियो हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। पुलिस के मुताबिक आरोपी स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त के मौके पर फिर से स्टंट करने की तैयारी कर रहे थे। इस बीच एंटी क्राइम यूनिट और मंदिर हसौद पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को अलग-अलग जगहों से पकड़ लिया। साथ ही मौके से 7 बाइक भी जब्त की है, जिनका इस्तेमाल ये स्टंट करने में करते थे। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट और प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत केस दर्ज कर उन्हें जेल भेजा गया है।
यह भी पढ़ें:- यात्रियों से भरी बस की खड़े ट्रक से टक्कर, हादसे में 5 बच्चों समेत 10 लोगों की मौत, 35 घायल
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
- शेखर निषाद (24), निवासी- परसदा, अभनपुर
- रवि बैरागी (24), निवासी- अशोक नगर, रायपुर
- टिकेश्वर साहू (23), निवासी- राजेंद्र नगर, रायपुर
- विशाल चंद्रवंशी उर्फ विक्की (23), निवासी- सिलतरा, धरसींवा
- सागर भारती (22), निवासी- छतौना, मंदिर हसौद
- मुकेश चंद्राकर (21), निवासी- रामेश्वर नगर भनपुरी, रायपुर
- एवज देवांगन उर्फ एजे (21), निवासी- बुधवारी बाजार बीरगांव, रायपुर
- तुषार निषाद (21), निवासी- अछोली, रायपुर
- दानिश कुरैशी (18), निवासी- बरौंडा बाजार, महासमुंद

सोशल मीडिया से मिला सुराग
पुलिस के मुताबिक कुछ दिनों पहले इन युवकों के बाइक स्टंट के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे, जिसमें ये युवक बिना हेलमेट, तेज रफ्तार और बैलेंस खोने जैसे खतरनाक स्टंट करते नजर आए थे। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने उनकी पहचान की और निगरानी शुरू की। इसी दौरान जानकारी मिली कि वे 15 अगस्त को फिर से स्टंट करने की योजना बना रहे हैं, जिसके बाद कार्रवाई की गई। मामले में पुलिस ने आरोपियों का वीडियो जारी करते हुए चेतावनी दी है कि सड़क पर स्टंट करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं से बचा जा सके। (Action on Stunt Bikers)
ट्रैफिक के जरूरी नियम
- हर शख्स को तय की गई गति सीमा का पालन करना जरूरी है।
- बाइक चालक और पीछे बैठे शख्स यानी दोनों को हेलमेट पहनना जरूरी है।
- कार में सवार सभी लोगों को सीट बेल्ट लगाना जरूरी है।
- वैध ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन के कागज साथ रखें।
- ट्रैफिक सिग्नल पर लाल बत्ती जलते ही वाहन रोकना जरूरी है।
- सिग्नल तोड़ने पर जुर्माना और लाइसेंस पर पेनल्टी प्वाइंट लग सकते हैं।
- शराब पीकर वाहन चलाना मना है।
- ओवरलोडिंग और गलत ओवरटेकिंग ना करें।
- ड्राइविंग के दौरान मोबाइल का इस्तेमाल ना करें।
- वाहन में सभी लाइट, ब्रेक, मिरर और हॉर्न सही स्थिति में होने चाहिए।
- नंबर प्लेट आरटीओ-मानक के मुताबिक होनी चाहिए।
- ज़ेब्रा क्रॉसिंग पर पैदल चल रहे लोगों को रास्ता दें।



