Google Analytics —— Meta Pixel

यात्रियों से भरी बस की खड़े ट्रक से टक्कर, हादसे में 5 बच्चों समेत 10 लोगों की मौत, 35 घायल

Accident in West Bengal: पश्चिम बंगाल के पूर्वी बर्दमान जिले में बड़ा सड़क हादसा हुआ है, जहां नाला फेरी घाट पर तीर्थयात्रियों से भरी एक बस खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में 5 बच्चों समेत 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिसमें 2 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल हैं। जबकि 35 लोग घायल हो गए, जिनका इलाज बर्दवान मेडिकल कॉलेज में जारी है, जिनमें से 5 की हालत नाजुक बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक बस बिहार के 45 तीर्थयात्रियों को लेकर गंगासागर से लौट रही थी। तभी बस ड्राइवर को झपकी आ गई, जिससे वह नेशनल हाईवे-19 पर खड़े ट्रक को देख नहीं पाया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में भीषण सड़क हादसा, ट्रक से टकराई कार, 6 युवकों की मौके पर मौत

पुलिस ने बताया कि तीर्थयात्रियों ने 8 अगस्त को मोतिहारी से यात्रा शुरू की थी, जो पहले देवघर गए और फिर गंगासागर गए थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि फगुईपुर के पास जिस जगह यह हादसा हुआ, वहां सर्विस रोड होने के बावजूद ट्रक हाईवे पर ही पार्क किए जाते हैं। उनका कहना है कि यह दुर्घटना लंबे समय से चली आ रही लापरवाही का नतीजा है। हालांकि पुलिस ने इस आरोप पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। बर्धमान मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक तपोश घोष ने बताया कि दो महिलाओं समेत 10 लोगों को मृत अवस्था में लाया गया। 25 घायलों को इलाज के लिए भर्ती कराया गया है, जिनमें से 5 को गंभीर चोटें आई हैं। ये समूह गंगा सागर से आ रहा था, तभी उनकी बस हादसे का शिकार हो गई। (Accident in West Bengal)

लगातार बढ़ रहा सड़क हादसों का ग्राफ

बता दें कि पश्चिम बंगाल में सड़क हादसों का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। 20 जून को पुरुलिया जिले के NH-18 पर बोलेरो और तेज रफ्तार ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में 9 यात्रियों की मौत हो गई थी। ये सभी लोग शादी समारोह से लौट रहे थे। बोलेरो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। वहीं मई 2024 में पूर्व मेदिनीपुर के NH-116 पर कार और बस की भिड़ंत में 4 लोगों की मौत हो गई थी। अगस्त 2024 में दार्जिलिंग जिले के बागडोगरा के राजमार्ग में तेज रफ्तार कार ने डिवाइडर तोड़कर यात्रियों को टक्कर मार दी, जिसमें 6 तीर्थयात्री शामिल थे। इसी तरह नवंबर 2021 को नदिया में एक शव वाहक मैटाडोर अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गया था, जिससे 18 लोगों की मौत हुई थी। 11 लोगों की मौके पर और 7 की अस्पताल में मौत हुई थी। हादसा फूलबाड़ी थाना क्षेत्र के हाशखली इलाके में हुआ था। (Accident in West Bengal)

Back to top button
error: Content is protected !!