छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में भीषण सड़क हादसा, ट्रक से टकराई कार, 6 युवकों की मौके पर मौत

Rajnandgaon Road Accident: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में भीषण सड़क हादसा हुआ है, जहां एक तेज रफ्तार कार चिरचारी नेशनल हाईवे के पास ट्रक से भिड़ गई, जिसमें 6 युवकों की मौत हो गई। इनमें 4 मध्यप्रदेश के इंदौर और एक रतलाम का रहने वाला था। ड्राइवर गंभीर रूप से घायल है। घटना बागनदी थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक 7 लोग मध्यप्रदेश पासिंग की कार में सवार थे, जो इंदौर से राजनांदगांव होते हुए धार्मिक यात्रा पर ओडिशा जा रहे थे। कार तेज रफ्तार में थी। अचानक ब्रेक लगाने पर कार बेकाबू होकर दूसरी दिशा में मुड़ गई, जिससे सामने से आ रहे ट्रक से टक्कर हो गई।
यह भी पढ़ें:- किश्तवाड़ में बादल फटने से अब तक 65 लोगों की मौत, 100 से ज्यादा अभी भी लापता
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और 6 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। शव कार के अंदर फंस गए, जिन्हें पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद कार से बाहर निकाला। ड्राइवर को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों की पहचान इंदौर के फीनिक्स टाउन के रहने वाले आकाश मौर्या (28), रतलाम के जावरा कलमलिया के रहने वाले गोविंद (33), इंदौर के बड़ा बंगराड़ा के रहने वाले अमन राठौर (26), इंदौर के बहोदिया हाटोद एसओ के रहने वाले नितिन यादव (34) और ओडिशा के नीलकंठपुर में रहने वाले संग्राम केशरी सेती के रूप में हुई है। घायल ड्राइवर सागर यादव भी इंदौर के गांधी नगर के रहने वाले हैं। (Rajnandgaon Road Accident)

बता दें कि भारत में सड़क हादसे तेजी से बढ़ रहे हैं। 2025 का आधा साल सड़क सुरक्षा की दृष्टि से चिंताजनक रहा है। जनवरी से जून 2025 में भारत के राष्ट्रीय राजमार्गों पर 67 हजार 933 सड़क हादसे हुए, जिनमें 26 हजार 770 लोगों की जान गई। यह आंकड़ा 2024 में हुई कुल 53,090 मौतों का लगभग आधा है। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने लोकसभा में यह जानकारी दी है। राजमार्गों पर होने वाली मौतों के मामले में 2025 का यह आंकड़ा संकेत देता है कि साल के अंत तक यह संख्या पिछले साल के बराबर या उससे ज्यादा हो सकती है। उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा हादसे हुए, जहां जनवरी से 20 मई तक 13,000 से ज्यादा सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें करीब 7,700 लोगों की मौत हुई है। दूसरे नंबर पर कर्नाटक है, जहां जनवरी से जून 2025 तक 21,937 दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 5,975 मौतें और 27,456 घायल हुए हैं। (Rajnandgaon Road Accident)




