किश्तवाड़ में बादल फटने से अब तक 65 लोगों की मौत, 100 से ज्यादा अभी भी लापता

Kishtwar Incident Update: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ के चशोती इलाके में बादल फटने से अचानक आई बाढ़ के बाद खोज और बचाव अभियान जारी है। इस हादसे में अब तक 65 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें से 21 शवों की पहचान की जा चुकी है। वहीं अब तक 167 लोगों को बचाया गया है। इनमें से 38 की हालत गंभीर बनी हुई है। CM उमर अब्दुल्ला ने कहा कि 100 से ज्यादा लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। वहीं जम्मू-कश्मीर के पूर्व CM और नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारुख अब्दुल्ला ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस मन गया है। मुबारक हो। मगर हमें गम भी है, क्योंकि मुझे लगता है कि किश्तवाड़ में मलबे के नीचे 500 से ज्यादा लोग दबे हुए हैं। यह गम का मौका भी है।
यह भी पढ़ें:- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले से की 2 बड़ी घोषणाएं, GST घटाने और रोजगार के लिए नई योजना का ऐलान
किश्तवाड़ डिप्टी कमिश्नर पंकज शर्मा ने बताया कि NDRF की टीम सर्च और रेस्क्यू में जुटी है। दो और टीमें रास्ते में हैं। राष्ट्रीय राइफल के जवान भी ऑपरेशन में जुटे हैं। 60-60 जवानों वाले पांच ग्रुप, व्हाइट नाइट कोर की मेडिकल टीम, जम्मू-कश्मीर पुलिस, SDRF और अन्य एजेंसियां ऑपरेशन में जुटी हुई है। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बादल फटने से हुई त्रासदी को लेकर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से बात की। साथ ही स्थिति का जायजा लिया और हर संभव हर संभव मदद का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री अब्दुल्ला ने कहा कि मैंने प्रधानमंत्री को किश्तवाड़ की स्थिति और प्रशासन के उठाए जा रहे कदमों के बारे में जानकारी दी। मेरी सरकार और बादल फटने से प्रभावित लोगों के समर्थन और केंद्र सरकार की ओर से प्रदान की गई सभी सहायता के लिए आभारी है। (Kishtwar Incident Update)

इधर, जम्मू-कश्मीर के डिप्टी CM सुरिंदर चौधरी घायलों से मिलने अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने कहा कि 49 घायल वार्ड में हैं और 2 ICU में हैं। मैं आंकड़ों में नहीं जाऊंगा। दुख को गिनना ठीक नहीं है। एक व्यक्ति गया हो या 50, दुख बराबर होता है। हम दुआ करते हैं कि जो लोग लापता हैं वे सही सलामत रहें। मचैल मां कृपा करें कि हमें और दुख ना मिले। आज का दिन एक त्योहार था, 15 अगस्त का दिन जश्न का दिन होता है। किश्तवाड़ का एक हादसा हुआ, लोग धार्मिक यात्रा पर थे हम मचैल मां से दुआ करेंगे ऐसा कभी ना हो। भाजपा नेता शगुन परिहार ने भी जिला अस्पताल में घायलों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि बहुत ही दुखद दुर्घटना घटी है। कल हमने कोशिश की थी कि मलबे में फंसे लोगों को निकाला जाए। NDRF और SDRF की टीम वहां पहुंची हुई थी। हम वहां से ज्यादा से ज्यादा लोगों को निकालकर अस्पताल भेजने की कोशिश कर रहे हैं। (Kishtwar Incident Update)

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश इस आपदा से निपटने में पूरी तरह से लगा हुआ है। किश्तवाड़ में आए भूस्खलन पर प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने राहत और बचाव के लिए तीव्रगति से कदम उठाए हैं। इस संकट की घड़ी में हमारी सरकार जनता के साथ खड़ी है। जम्मू-कश्मीर भाजपा अध्यक्ष सत शर्मा ने कहा कि कल के हादसे को हम कभी नहीं भूलेंगे। बादल फटने से कई श्रद्धालु हमारे बीच नहीं रहे। काफी लोग घायल हुए हैं और काफी लोग लापता भी हैं। कल से ही हमारे नेता प्रतिपक्ष सुनील शर्मा और पूरी टीम वहां पर हैं। जम्मू में 40 घायल श्रद्धालुओं का इलाज चल रहा है। मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल जल्द से जल्द ठीक हों और जो श्रद्धालु हमारे बीच नहीं रहे, भगवान उन्हें अपने चरणों में स्थान दे। वहीं भारतीय वायु सेना पीड़ितों के लिए राहत और बचाव अभियान चलाने के लिए तैयार है। वर्तमान में जम्मू और उधमपुर में दो एमआई-17 हेलीकॉप्टर और एक उन्नत हेलीकॉप्टर (ALH) स्टैंडबाय पर हैं। (Kishtwar Incident Update)




