एयरफोर्स का FT-7BGI फाइटर जेट क्रैश, कॉलेज पर गिरा, कई छात्रों की मौत की आशंका

Fighter Jet Crashes In Bangladesh : बांग्लादेश एयरफोर्स का एक FT-7BGI फाइटर जेट सोमवार को ढाका में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान ने उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद ढाका के माइलस्टोन कॉलेज की इमारत पर आकर टक्कर मारी। हादसे में पायलट की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई छात्रों के हताहत होने की आशंका जताई जा रही है। हादसे के कारणों की जांच अभी जारी है।
चीन निर्मित ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट था विमान
बांग्लादेशी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, FT-7BGI एक प्रशिक्षण विमान था, जिसे चीन ने बनाया था। इंटर सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस के अनुसार, विमान ने दोपहर 1:06 बजे उड़ान भरी थी और लगभग 1:30 बजे यह हादसे का शिकार हो गया। (Fighter Jet Crashes In Bangladesh)
हादसे के वक्त कॉलेज में मौजूद थे छात्र
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जिस समय विमान कॉलेज की इमारत से टकराया, उस समय कॉलेज में छात्र मौजूद थे। इससे बड़ी संख्या में हताहतों की आशंका है।
राहत और बचाव कार्य जारी, घायलों को रिक्शे से पहुंचाया गया अस्पताल
ढाका की अग्निशमन सेवा के अनुसार, आठ दमकल गाड़ियां घटनास्थल पर भेजी गईं हैं। हादसे के तुरंत बाद फायर ब्रिगेड और सेना की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को रिक्शों और अन्य स्थानीय वाहनों के जरिए अस्पताल भेजा गया। (Fighter Jet Crashes In Bangladesh)



