छत्तीसगढ़ शराब घोटाले में बड़ी कार्रवाई: EOW ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार, FL-10A लाइसेंस के जरिए करोड़ों की कमाई का खुलासा
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले (Chhattisgarh liquor scam) में आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) ने सोमवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों में मनीष मिश्रा, उनके भाई और कंपनी के सीए संजय मिश्रा, तथा कारोबारी अरविंद सिंह के भतीजे अभिषेक सिंह शामिल हैं। तीनों को पूछताछ के बाद कोर्ट में पेश किया गया, जहाँ EOW ने रिमांड की मांग की है।
यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ में ज़मीन की रजिस्ट्री अब पूरी तरह ऑनलाइन! ‘माय डीड’ सिस्टम से बदले नियम, फर्जीवाड़े पर लगेगा लगाम
ED और EOW दोनों की FIR में दर्ज हैं नाम
उल्लेखनीय है कि इन तीनों आरोपियों का नाम प्रवर्तन निदेशालय (ED) और EOW की प्राथमिकी में दर्ज है। फिलहाल इनसे विस्तृत पूछताछ की जा रही है ताकि घोटाले से जुड़े और भी नाम सामने आ सकें।
FL-10A लाइसेंस बना घोटाले का जरिया
EOW की जांच में यह खुलासा हुआ है कि संजय और मनीष मिश्रा ने “नेक्सजेन पॉवर इंजिटेक प्राइवेट लिमिटेड” के नाम से एक फर्म बनाकर FL-10A लाइसेंस हासिल किया था, जिसके जरिए उन्होंने राज्य में विदेशी शराब की आपूर्ति का कार्य किया।
ED की चार्जशीट के अनुसार, इस फर्म को 46.22 करोड़ रुपये का लाभ हुआ। यह लाभ राज्य सरकार को शराब आपूर्ति के बदले में प्राप्त हुआ।
षड्यंत्र और लाभ का बंटवारा
सूत्रों के अनुसार, यह FL-10A लाइसेंस अनवर ढेबर गुट से जुड़ी तीन कंपनियों को दिए गए थे। इन फर्मों को षड्यंत्रपूर्वक टेंडर प्रदान कर विदेशी ब्रांड की शराब खरीदने और सरकार को आपूर्ति करने की अनुमति दी गई। (Chhattisgarh liquor scam)
इस प्रक्रिया में करीब 10% मुनाफा तय किया गया था, जिसमें से 60% हिस्सा औद्योगिक इकाई को और 40% हिस्सा लाइसेंसधारकों को दिया गया।
अभी और खुलासे संभव
EOW ने कहा है कि यह एक संगठित आर्थिक अपराध है, जिसमें राजनीतिक और प्रशासनिक मिलीभगत की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य लिंक और लाभार्थियों की पहचान के प्रयास जारी हैं। (Chhattisgarh liquor scam)



