लगातार हो रहे सड़क हादसों की दोषी भाजपा सरकार: सपा सांसद अखिलेश यादव

Akhilesh Yadav on Accident: उत्तरप्रदेश के कन्नौज में हुए सड़क हादसे को लेकर समाजवादी पार्टी के प्रमुख और लोकसभा सांसद अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर हुए जानलेवा बस एक्सीडेंट में 8 व्यक्तियों की मौत और यात्रियों के घायल होने का समाचार बेहद दुखद है। अभी चंद दिनों पहले ही ‘सड़क सुरक्षा’ के मुद्दे को गंभीर मानते हुए अपने अनुभव के आधार पर ये कहा था कि अच्छे रखरखाव के अभाव में यात्रा गतिमान और सुरक्षित नहीं हो सकती है। भाजपा सरकार पिछली सरकार में बनी सड़कों के प्रति बैर भाव रखती है, उनकी जानबूझकर उपेक्षा करती है, जिसका खामियाजा आम जनता को अपनी जान देकर चुकाना पड़ता है।

यह भी पढ़ें:- खड़े टैंकर से टकराकर पलटी स्लीपर बस, हादसे में पति-पत्नी समेत 8 लोगों की मौत, 38 यात्री घायल

सपा सांसद ने कहा कि भाजपा सरकार में अधिकांश दुर्घटनाओं की जड़ में PWD, पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, RTO का नीचे से लेकर ऊपर तक का भ्रष्टाचार और छुट्टा पशुओं की समस्या है। जब समस्या सामने है तो सरकार समाधान के रास्ते क्यों नहीं ढूंढती? इस तरह के हादसे टाले जा सकते हैं। लगातार घटित हो रहे ऐसे हादसों की दोषी भाजपा सरकार है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि उत्तरप्रदेश के कन्नौज में हुई एक सड़क दुर्घटना में कई लोगों की मृत्यु के समाचार से मुझे गहरा दुख पहुंचा है। सभी शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहन संवेदनाएं। मैं घायल हुए लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करती हूं।

PM नरेंद्र मोदी ने जताया दुख

PM नरेंद्र मोदी ने कन्नौज हादसे को लेकर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के कन्नौज में बस दुर्घटना में लोगों की मौत से दुखी हूं। अपने प्रियजनों को खोने वालों के प्रति संवेदना। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की सहायता कर रहा है। प्रत्येक मृतक के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपए दिए जाएंगे। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी कन्नौज दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए और गंभीर रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता तत्काल वितरित करने के आदेश दिए हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!