ट्राले से टकराया श्रद्धालुओं से भरा ट्रेवलर, बच्ची समेत 7 लोगों की मौत

Ambala Road Accident: देश में सड़क हादसों का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। ताजा मामला हरियाणा के अंबाला का है, जहां श्रद्धालुओं से भरा ट्रेवलर हादसे का शिकार हो गया, जिसमें सवार एक ही परिवार के 7 लोगों की मौत हो गई। वहीं 19 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। ट्रेवलर में सवार लोग उत्तरप्रदेश के बुलंदशहर के रहने वाले हैं, जो ट्रेवलर में सवार होकर जम्मू में माता वैष्णो देवी के दर्शन करने जा रहे थे। इसी दौरान उनका वाहन अंबाला-दिल्ली के मोहड़ा में हाईवे पर एक ट्रॉले से टकरा गया। ट्रेवलर में महिलाओं और बच्चों समेत 26 श्रद्धालु सवार थे।

यह भी पढ़ें:- भारत में जानलेवा हुई गर्मी, हीटवेव के चलते 8 लोगों की मौत

हादसा इतना खतरनाक था कि ट्रेवलर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलने के बाद पड़ाव पुलिस मौके पर पहुंची, जिन्होंने लोगों की मदद से ट्रैवलर में फंसे श्रद्धालुओं को बाहर निकाला। साथ ही अंबाला कैंट के सिविल अस्पताल और शाहाबाद के आदेश मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। मृतकों में 6 महीने की बच्ची समेत पति-पत्नी शामिल हैं। ट्रेवलर में एक ही परिवार के लोग सवार थे। सभी आपस में रिश्तेदार हैं, जो हादसे के समय सो रहे थे। जानकारी के मुताबिक ड्राइवर ने शराब पी रखी थी। जैसे ही एक्सीडेंट हुआ, वह उतर कर भाग गया। (Ambala Road Accident)

देश में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसे

भारत में सड़क हादसे बढ़ते ही जा रहे हैं। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय की ओर से जारी 2022 की रिपोर्ट के मुताबिक भारत में पिछले साल कुल 4 लाख 61 हजार 312 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गई हैं। इन हादसों में मरने वालों की संख्या 1 लाख 68 हजार 491 हो गई है और करीब 4.45 लाख लोग घायल भी हुए थे। भारत में दुर्घटनाओं की संख्या 2021 की तुलना में लगभग 12 प्रतिशत बढ़ गई है। जबकि मरने वालों की संख्या 9.4 प्रतिशत बढ़ गई है।भारतीय सड़कों पर तेज रफ्तार जानलेवा साबित हुई है। (Ambala Road Accident)

Related Articles

Back to top button