दिल्ली शराब नीति में बरी होने के बाद केजरीवाल का हमला, कहा- मोदी-शाह ने रचा षड्यंत्र, अभी बीजेपी 10 सीटें भी जीती तो छोड़ दूंगा राजनीति

Arvind Kejriwal Allegation: दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने शराब नीति मामले में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और पूर्व CM अरविंद केजरीवाल को बरी कर दिया। फैसले के बाद केजरीवाल अपने आवास से पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ पार्टी कार्यालय पहुंचे और मीडिया को संबोधित किया। इस दौरान समर्थकों ने उनका स्वागत किया और उन्होंने हाथ हिलाकर अभिवादन स्वीकार किया। साथ ही विक्ट्री साइन भी दिखाया। इस दौरान केजरीवाल ने पार्टी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्र सरकार, भाजपा और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह पूरा मामला राजनीतिक षड्यंत्र था, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने रचा था।
यह भी पढ़ें:- शराब नीति मामले में राहत से आम आदमी पार्टी में खुशी का माहौल, कहा- झूठे आरोप लगाकर बदनाम किया गया
केजरीवाल ने कहा कि पिछले चार साल से ED, CBI और अन्य एजेंसियों के जरिए तथाकथित शराब घोटाले को मुद्दा बनाकर AAP को बदनाम करने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि कोर्ट ने लगभग 600 पन्नों के आदेश में स्पष्ट कर दिया कि मुकदमा चलाने के लिए पर्याप्त सबूत तक नहीं हैं। कोर्ट को तय करना था कि केस चलाया जाए या नहीं। कोर्ट ने कहा कि इतना भी सबूत या बयान नहीं है कि मुकदमा शुरू किया जा सके। अगर केस चलता तो सबूत पेश किए जाते, लेकिन कोर्ट ने इसे फर्जी और बेकार मामला बताया। उन्होंने न्यायपालिका का आभार जताते हुए कहा कि मौजूदा माहौल में इतना बड़ा फैसला देना हिम्मत की बात है। “जज साहब ने ऐतिहासिक फैसला दिया है, इसके लिए मैं ज्यूडिशियरी का धन्यवाद करता हूं।
AAP को खत्म करने की साजिश: केजरीवाल
केजरीवाल ने आरोप लगाया कि भाजपा AAP को चुनाव में हरा नहीं पाई, इसलिए उसे खत्म करने की कोशिश की गई। एक समय AAP के टॉप 5 नेता जेल में थे। ED, CBI, पुलिस सब पीछे छोड़ दी गई, लेकिन आप हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सके। उन्होंने दावा किया कि जब निचली अदालत में सबूत नहीं मिले तो ऊपरी अदालत में भी CBI के पास पेश करने के लिए कुछ नहीं होगा। कोर्ट ने हमें डिस्चार्ज किया, क्योंकि केस बनता ही नहीं था। ED का मामला भी खत्म हो गया है, हम अगले हफ्ते एप्लीकेशन डालेंगे। केजरीवाल ने कांग्रेस की प्रतिक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेसियों को शर्म नहीं आती। केजरीवाल जेल गया, मनीष सिसोदिया जेल गए, संजय सिंह जेल गए। क्या उनके बड़े नेता जेल गए ? (Arvind Kejriwal Allegation)
भाजपा को खुली चुनौती
पूर्व CM ने कहा कि क्या रॉबर्ट वाड्रा जेल गया ?, क्या राहुल गांधी जेल गया ?, क्या सोनिया गांधी जेल गईं ? कांग्रेसी किस मुंह से बात करते हैं, उन्हें शर्म नहीं आती ? उन्होंने कहा कि कांग्रेस राजनीतिक नैतिकता पर सवाल उठाने की स्थिति में नहीं है। पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा को सीधी चुनौती देते हुए कहा कि दिल्ली में आज चुनाव करा दो। अगर भाजपा को 10 से ज्यादा सीटें मिल जाएं तो मैं राजनीति छोड़ दूंगा। उन्होंने कहा कि AAP सरकार ने दिल्ली में 500 स्कूल और 200 सड़कें बनाईं। आप 5000 स्कूल और 2000 सड़कें बना दो, फिर AAP को कोई नहीं पूछेगा। साथ ही उन्होंने यमुना की स्थिति, स्कूलों, सड़कों और मोहल्ला क्लीनिकों की हालत पर भी सवाल उठाए। (Arvind Kejriwal Allegation)
परिवार पर पड़े असर का जिक्र
केजरीवाल ने कहा कि इस पूरे प्रकरण का असर उनके परिवार पर भी पड़ा। मेरी मां अस्पताल गईं, बहुत रोईं। सिसोदिया की पत्नी गंभीर बीमारी से जूझ रही हैं। इस षड्यंत्र के कारण दिल्ली के 3 करोड़ लोगों ने खामियाजा भुगता। उन्होंने कहा कि जेल से बाहर आने के बाद उनके शांत रहने को लेकर सवाल उठाए गए, लेकिन वह इस पूरे घटनाक्रम से भीतर से आहत थे। नेताओं की चमड़ी मोटी होती है, लेकिन मैं अलग हूं। मेरे परिवार पर पत्थर उछाले गए, मुझे फर्क पड़ता है। केजरीवाल ने कहा कि मैंने जिंदगी में सिर्फ इज्जत और ईमानदारी कमाई है। एक पैसा नहीं कमाया। उसी पर चोट करने के लिए षड्यंत्र रचा गया। उन्होंने दोहराया कि यह पूरा मामला राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित था। यह षड्यंत्र नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने रचा, लेकिन झूठ, अन्याय और साजिश कितनी भी ऊंची दीवार खड़ी कर लें, एक सच उन्हें गिराने के लिए काफी होता है।



