शराब नीति मामले में राहत से आम आदमी पार्टी में खुशी का माहौल, कहा- झूठे आरोप लगाकर बदनाम किया गया

Kejriwal on Modi Government: दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने बहुचर्चित शराब नीति मामले में पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पूर्व डिप्टी CM मनीष सिसोदिया समेत सभी आरोपियों को बरी कर दिया है। कोर्ट के फैसले के बाद आम आदमी पार्टी में जश्न का माहौल है। नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटी गई और ढोल बजाए गए। AAP नेताओं ने इसे सत्य की जीत बताते हुए केंद्र सरकार पर एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया। AAP के राष्ट्रीय संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पिछले कुछ सालों से भाजपा जिस तरह से शराब घोटाले के बारे में कह रही थी और हमारे ऊपर आरोप लगा रही थी तो आज कोर्ट ने सभी आरोप खारिज कर दिए और सभी आरोपियों को बरी कर दिया है।
यह भी पढ़ें:- मुख्यमंत्री साय ने सिटी गैस परियोजना का किया शुभारंभ: अब घर-घर पाइपलाइन गैस, सीएनजी से मिलेगा स्वच्छ ईंधन
केजरीवाल ने कहा कि हमें न्यायपालिका पर भरोसा है। सत्य की जीत हुई। AAP को खत्म करने के लिए सभी बड़े नेताओं को जेल में डाल दिया गया था। यह पूरा फर्जी केस था। केजरीवाल भ्रष्ट नहीं है। मैंने अपने जीवन में केवल ईमानदारी कमाई है। कोर्ट ने कहा है कि केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और AAP कट्टर ईमानदार है। अच्छा काम करके सत्ता में आइए और झूठे केस करके हमें जेल में डालना प्रधानमंत्री को शोभा नहीं देता। केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने कहा कि मैं आज भगवान का शुक्रिया अदा करना चाहती हूं। अरविंद जी ने अपनी जिंदगी ईमानदारी से बिताई है, लेकिन भाजपा के लोगों ने उन्हें और उनके साथियों को जेल भेज दिया। मुझे भरोसा था कि सच की जीत होगी। मैं उन सभी का शुक्रिया अदा करना चाहती हूं, जो हमारे साथ खड़े रहे।
देश के संविधान पर गर्व हो रहा: सिसोदिया
दिल्ली के पूर्व CM मनीष सिसोदिया ने कहा कि आज एक बार फिर देश के संविधान पर गर्व हो रहा है और आज सत्य की जीत हुई है। उन्होंने कहा कि आज देश की राजनीति के लिए बहुत महत्वपूर्ण दिन है कि प्रधानमंत्री ED, CBI के दम पर जो सत्ता में बने रहने का षड्यंत्र रच रहे थे वह नाकाम हुआ। कोई विपक्षी पार्टी का नेता ईमानदारी से काम कर रहा है तो उन्होंने ED, CBI का इस्तेमाल करके हमें जेल भेजवा दिया। उन्हें क्या मिला? सुप्रीम कोर्ट ने पहले ही कह दिया था कि यह केस मुकदमे में दो सवाल नहीं झेल पाएगा और आज यह कह दिया गया कि यह केस मुकदमे के लायक नहीं है। भाजपा को मानना चाहिए कि वे झूठ बोल रहे थे, उन्हें मानना चाहिए कि ED, CBI के दुरुपयोग से राजनीति नहीं होती। (Kejriwal on Modi Government)
सिसोदिया ने आतिशी को लगाया गले
इस बीच नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी मनीष सिसोदिया के आवास पर पहुंची, जहां सिसोदिया ने उन्हें गले लगाया और पार्टी नेताओं के साथ लड्डू बांटे। आतिशी ने कहा कि आम आदमी पार्टी एक कट्टर ईमानदार पार्टी है, अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया कट्टर ईमानदार नेता हैं। आज साबित हो गया कि कैसे केंद्र सरकार की एजेंसियों ने साजिश रची और आप पर आरोप लगाए। PM मोदी और बीजेपी की सच्चाई आज देश के सामने आ गई है। आतिशी ने आगे कहा कि आज के अदालत के आदेश ने एक बात दिखा दी है कि जीत आखिर सच्चाई की ही होती है। अरविंद केजरीवाल पर इतने आरोप लगे, लेकिन जेल जाने के बाद भी अरविंद केजरीवाल झुके नहीं, दबे नहीं और आज उनकी कट्टर ईमानदारी पूरे देश के सामने है।
ED एक ऐसी संस्था है, जो व्हीलचेयर पर है: भारद्वाज
दिल्ली AAP अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि यह बड़ी जीत अरविंद केजरीवाल या मनीष सिसोदिया की नहीं है, यह उन लोगों की है जो बिहार के गांव में IAS की तैयारी कर रहे हैं और सोच रहे हैं कि हम ईमानदार रहेंगे। इस देश में कौन ईमानदार रहेगा? कौन नेता, कौन अफसर ईमानदार रहेगा क्योंकि आपने तो सबको भ्रष्टाचारी बना दिया। आज एक बड़ा फैसला आया है और मुझे लगता है कि इसकी वजह से 5-10% अफसर ईमानदार रहेंगे। यह देश के लिए बहुत बड़ी बात है। ED एक ऐसी संस्था है, जो व्हीलचेयर पर है। दिल्ली, पंजाब, गुड़गांव, हैदराबाद, मुंबई, बेंगलुरु में 600 जगहों पर छापेमारी की गई, लेकिन कहीं से कोई बरामदगी नहीं हुई। सुप्रीम कोर्ट ने भी कहा कि यह केस एक मिनट भी ट्रायल में नहीं टिकेगा, लेकिन बेल नहीं दी। वहां ही साफ हो गया था कि CBI, ED के पास सबूत नहीं हैं, इसलिए आज इसे डिस्चार्ज किया गया, इसका मतलब है कि यह केस इस लायक भी नहीं है कि इसमें मुकदमा चल सके।
लोकतंत्र की हत्या की कोशिश: गोपाल राय
AAP विधायक गोपाल राय ने कहा कि दिल्ली में न्यायालय ने अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और तमाम आम आदमी पार्टी के नेताओं को फर्जी शराब घोटाला मामला बनाकर जिस तरह प्रताड़ित किया गया उसमें न्यायालय के फैसले ने साफ कर दिया है कि केंद्र सरकार, भाजपा और प्रधानमंत्री ने खुद षड्यंत्र करके लोकतंत्र की हत्या की कोशिश की। यह साफ हुआ है कि सत्य परेशान हो सकता है पराजित नहीं। पहली बार ऐसा हुआ कि चुने हुए मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री को जेल में डाल दिया गया था। CBI ने जो रिपोर्ट कोर्ट के समक्ष प्रस्तुत की थी, उसमें कोई आधार नहीं है। यह CBI घोटाला हुआ था और एजेंसियों का इस्तेमाल करके सत्ता का दुरुपयोग किया गया था। आज उन सभी षड्यंत्रों का पर्दाफाश हो गया है। राय ने कहा कि अदालत के आदेश से यह साबित हो गया है कि केंद्र सरकार, भाजपा और प्रधानमंत्री ने मिलकर लोकतंत्र की हत्या करने और आम आदमी पार्टी को खत्म करने की साजिश रची और एक मौजूदा मुख्यमंत्री को जेल में डालकर अपराध किया।
सत्य की हमेशा जीत होती है: संजय सिंह
विधायक गोपाल राय ने कहा कि आज के फैसले ने लोकतंत्र के समर्थकों को उम्मीद की किरण दिखाई है। ऐतिहासिक फैसला साबित करता है कि देश में न्याय अभी भी कायम है। इस फैसले ने हमारे लोकतंत्र में उम्मीद जगाई है। आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने कहा कि यह फैसला साबित करता है कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री ने लोकप्रिय और ईमानदार मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, सक्षम और ईमानदार शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया और हमारी पार्टी को बदनाम करने के लिए एक सुनियोजित साजिश रची थी। आम आदमी पार्टी के नेताओं के खिलाफ झूठे मामले गढ़े गए। प्रधानमंत्री को देश, अरविंद केजरीवाल और उनके परिवार से माफी मांगनी चाहिए। सत्य कभी पराजित नहीं हो सकता। सत्य की हमेशा जीत होती है। उन्होंने आगे कहा कि आज यह साबित हो गया है कि एक साजिश के तहत अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और आम आदमी पार्टी को बदनाम करने के लिए फर्जी मामले दर्ज किए गए थे। आज सच्चाई की जीत हुई है।
अरविंद केजरीवाल एक कट्टर ईमानदार नेता: संजय सिंह
AAP सांसद संजय सिंह ने कहा कि यह फैसला साबित करता है कि अरविंद केजरीवाल एक कट्टर ईमानदार नेता हैं। वे एक ऐसे नेता हैं, जिन्होंने पूरी ईमानदारी से दिल्ली के लोगों की सेवा की। मनीष सिसोदिया और अरविंद केजरीवाल ने शिक्षा और स्वास्थ्य में अनुकरणीय काम किया। इन्होंने हमारी सरकार को साजिश के तहत बदनाम किया है। सत्य परेशान हो सकता है मगर पराजित नहीं हो सकता है। वहीं अरविंद केजरीवाल के वकील विवेक जैन ने कहा कि एक्साइज स्कैम में राउज एवेन्यू के स्पेशल कोर्ट ने सभी मुजरिमों को बरी कर दिया है। उन्होंने बरी तब किया है जब सभी साक्ष्य और सभी स्टेटमेंट कोर्ट की ओर से देखे गए थे। उन्होंने माना कि अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया के खिलाफ कोई आरोप नहीं है। CBI का आरोप था कि जो पॉलिसी बनाई गई थी, उसमें पूरी तरह से हेरफेर किया गया था। उसमें नकली डॉक्यूमेंट्स जोड़े गए थे। (Kejriwal on Modi Government)
अरविंद केजरीवाल कट्टर ईमानदार थे, हैं और रहेंगे: सत्येंद्र जैन
जैन ने कहा कि क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम असली गुनहगार को सजा दिलाने के लिए हैं और यह किसी के खिलाफ गैर-कानूनी आरोप लगाने का जरिया नहीं है। CBI द्वारा सभी आरोपियों के खिलाफ पेश किए गए सबूतों और बयानों के बाद कोर्ट ने कहा था कि उन्होंने CBI द्वारा पेश किए गए सभी बयानों और सबूतों को देखा है। कोर्ट ने अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया को यह कहते हुए बरी कर दिया है कि इस मामले में ऐसा कोई आरोप नहीं है जिसे सच माना जा सके। AAP नेता सत्येंद्र जैन ने कहा कि भाजपा ने जिस तरह की राजनीति देश में की, चुनी हुई सरकार जिसे जनता ने 70 में से 62 सीटें देकर सरकार बनाई उसके मुख्यमंत्री को उन्होंने झूठे आरोप लगाकर जेल में डाल दिया। कोर्ट ने सबको बरी कर दिया। अरविंद केजरीवाल कट्टर ईमानदार थे, हैं और रहेंगे।
बाबासाहेब अम्बेडकर की संविधान की जीत हुई: कुलदीप
आम आदमी पार्टी के विधायक इमरान हुसैन ने कहा कि सत्य की जीत हुई। AAP विधायक कुलदीप कुमार ने कहा कि बाबासाहेब अम्बेडकर की संविधान की जीत हुई है। हम शुरू से कह रहे थे कि भाजपा ED, CBI का दुरुपयोग करके अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी की छवि को बदनाम करने की कोशिश कर रही है। दिल्ली चुनाव के समय उन्होंने यह किया लेकिन अंत में सच्चाई की जीत हुई। पंजाब सरकार में मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने कहा कि जो उन पर बेबुनियाद आरोप लगे थे, उन सबसे उन्हें कोर्ट की ओर से आज राहत मिली है। दूसरी पार्टी की ओर से जो उन्हें बदनाम करने की कोशिश की जा रही थी आज उससे कोर्ट ने उन्हें बरी किया है। पंजाब सरकार में मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि भगवान के घर देर है अंधेर नहीं है। अरविंद केजरीवाल, AAP को खत्म करने, बदनाम करने की कोशिश की गई।
यह CBI के मुंह पर तमाचा है: सुशील गुप्ता
उन्होंने कहा कि तथाकथित शराब घोटाले में आज अदालत ने जिस तरह अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और बाकी नेताओं को बरी किया है। मैं चाहूंगा कि देश के प्रधानमंत्री, गृहमंत्री देश से माफी मांगें। पंजाब सरकार में मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि देश के लोकतंत्र को बचाने के लिए न्यायपालिका ने कार्रवाई की है। जो फर्जी केस भाजपा ने किया था उसका पर्दाफाश हुआ है। हमारे राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और तमाम नेता बरी हुए हैं, इससे पता चलता है कि भाजपा देश के संविधान को तोड़ना चाहती थी। AAP सांसद सुशील गुप्ता ने कहा कि मैं भारतीय न्याय व्यवस्था और उस न्यायधीश को बधाई देता हूं जिन्होंने साफ फैसला दिया कि अरविंद केजरीवाल एक ईमानदार आदमी हैं और कहा कि उनके खिलाफ सभी आरोप झूठे और बेबुनियाद हैं। यह CBI के मुंह पर तमाचा है। (Kejriwal on Modi Government)



