अरविंद केजरीवाल की बरी होने के बाद तेज हुई बयानबाजी, सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने

Politics on Kejriwal Clean Chit: दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने शराब नीति मामले से जुड़े CBI केस में बड़ा फैसला सुनाते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को बरी कर दिया है। साथ ही मामले में जांच अधिकारी के खिलाफ विभागीय जांच की सिफारिश भी की है। फैसले के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा, कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के नेताओं ने अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दी हैं, जिससे इस मुद्दे पर सियासी घमासान और गहरा गया है। केंद्रीय मंत्री सुकांता मजूमदार ने कहा कि यह अदालत का मामला है। इसलिए मैं ज्यादा कुछ नहीं बोलूंगा, लेकिन मैं इतना ही बताऊंगा कि भारत के पहले मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी हैं, जिन्हें 9 घंटे तक ED, CBI ने बैठाकर जांच की थी, प्रश्न किए। हमने कहीं पर लड़ाई नहीं की थी तो उस समय क्या ED का सदुपयोग हुआ था या दुरुपयोग ?
बिहार के डिप्टी CM विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि यह न्यायालय का निर्णय है। वारंट भी जाता है और जमानत भी मिलती है। संविधान में विश्वास करने वाले लोग संविधान में विश्वास रखते हैं और उसे स्वीकार करते हैं। संवैधानिक संस्था कानून के हिसाब से काम करती है और कानून पर विश्वास रखना चाहिए। भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि अदालत ने सबूतों के अभाव में उन्हें बरी किया है। यह एक तकनीकी मुद्दा है। सीबीआई इस मामले में आगे की कार्रवाई करेगी। पार्टी फैसले का विस्तार से अध्ययन करने के बाद एक सुनियोजित जवाब देगी। हमें यह सोचना चाहिए कि अगर आरोप निराधार थे तो फिर आरोप कैसे लगाए गए ? भाजपा प्रवक्ता आर.पी. सिंह ने कहा कि अभी तो एक कोर्ट से राहत मिली है। जैसे इन लोगों को अधिकार था और ये पहले हाईकोर्ट फिर सुप्रीम कोर्ट गए, वैसे ही CBI को भी अधिकार है। (Politics on Kejriwal Clean Chit)
यह कोई एक अकेला भ्रष्टाचार का मामला नहीं था: सिंह
सिंह ने कहा कि इनके खिलाफ यह कोई एक अकेला भ्रष्टाचार का मामला नहीं था, CAG रिपोर्ट जो आई है, उसमें सड़कों में घोटाला है, स्कूल बनाने में घोटाला है, अस्पतालों में घोटाला है, उन सबके भी मुकदमे चलेंगे। भ्रष्टटाचार के मामले इनके खिलाफ हैं और मुकदमे चलेंगे। भाजपा सांसद संजय जायसवाल ने कहा कि सभी जानते हैं कि अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया इस घोटाले के जनक थे। दिल्ली की जनता अच्छे से जानती है कि एक्साइज घोटाले के जनक अरविंद केजरीवाल थे, जिन लोगों को पकड़ा गया है, उनकी भी गवाही होगी। सभी जानते हैं कि ये लोग इस घोटाले के मास्टर माइंड थे। भाजपा सांसद राजीव प्रताप रुडी ने कहा कि यह अदालत का निर्णय है और अदालत स्वाभाविक तौर से अगर कोई पीड़ित हो और अदालत उसे बरी करता है तो उस पर किसी राजनीतिक टिप्पणी की आवश्यकता नहीं है।
भाजपा का चाल, चरित्र सामने आ गया: तेजस्वी
उत्तर प्रदेश के मंत्री संजय निषाद ने कहा कि अदालत के आदेश का अनुपालन हो। केंद्रीय मंत्री एस.पी. सिंह बघेल ने कहा कि दिल्ली की जनता ने जो उन्हें सजा दी है उससे बड़ी सजा कोई हो नहीं सकती। वहीं RJD सांसद मनोज कुमार झा ने कहा कि अब कितने लोग माफी मांगेंगें ? मांगेंगे या नहीं मागेंगे ? जब वेंडेट्टा किसी केस को प्रेरित करता है तो उसका हश्र यही होता है। मैं दावे के साथ कहता हूं कि मेरे नेतृत्व समेत जितने लोगों पर मुकदमे चल रहे हैं सबका यही हश्र होगा। RJD नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि लगातार विपक्षी दलों पर राजनीतिक वेंडेट्टा के हिसाब से जबरन गलत मुकदमे किए जाते हैं, संस्थाओं का केंद्र सरकार दुरुपयोग कर रही है, जो तथाकथित शराब घोटाला था उसमें कोर्ट ने सभी आरोपियों को बरी किया है। भाजपा का चाल, चरित्र सामने आ गया।
दिल्ली में दोबारा कराए जाएं चुनाव: तेजस्वी यादव
उन्होंने कहा कि हम चाहेंगे कि दिल्ली में दोबारा चुनाव कराए जाएं, ताकि जनता सही मुद्दों पर चुनाव कर पाए। सिर्फ अरविंद केजरीवाल ही नहीं, चाहे राहुल गांधी हों, लालू यादव हों या हमारा पूरा परिवार शुरू से ही भाजापा के राजनीतिक वेंडेट्टा का शिकार होता रहा है। चाहे IRCTC का घोटाला हो या जमीन के बदले नौकरी देने का घोटाला हो, आज तक रेलवे ने माना ही नहीं कि कोई घोटाला हुआ है और इसकी पहले ही CBI तीन बार जांच कर चुका है। हमें हर जगह से क्लीन चीट मिली, लेकिन यह चौथी बार मुकदमा कराया गया। हमें न्यायालय पर विश्वास है कि हमारे साथ भी न्याय होगा। पंजाब कांग्रेस प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वारिंग ने कहा कि मुझे समझ नहीं आया कि केंद्र सरकार ने बहुत बड़े इल्जाम लगाए और जिस तरह डेढ़ साल जेल में रखा, जो गंभीर आरोप होते हैं उसी में डेढ़ साल बाद जमानत मिलती है। (Politics on Kejriwal Clean Chit)
कांग्रेस का PM मोदी पर निशाना
अमरिंदर सिंह ने आगे कहा कि अगर इतने बड़े आरोप नहीं थे तो डेढ़ साल अंदर क्यों रखा और अगर आरोप सही थे तो क्लीन चीट कैसे मिली ? भाजपा, प्रधानमंत्री मोदी, गृहमंत्री, अरविंद केजरीवाल ही बता सकते हैं कि यह खेला कैसे हुआ ? कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि इसमें कोई हैरानी की बात नहीं है। इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। भाजपा हर चुनाव से पहले यही करती है। अगर उन्हें कांग्रेस को कमजोर करना सही लगता है, तो वे कांग्रेस के दुश्मनों को मजबूत करेंगे। उन्होंने पहले भी यही किया है। कल उन्होंने तमिलनाडु में कांग्रेस को कमजोर करने के लिए पी चिदंबरम के खिलाफ केस चलाने की मंजूरी दी। कांग्रेस को कमजोर करने के लिए प्रधानमंत्री ने TMC तक की तारीफ कर दी।



