एशिया पावर इंडेक्स बना सियासी हथियार, नेताओं के बीच जुबानी जंग तेज
Asia Power Index Report: एशिया पावर इंडेक्स की रिपोर्ट और भारत की वैश्विक छवि को लेकर बीजेपी और कांग्रेस आमने-सामने हैं। बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद ने रिपोर्ट के हवाले से भारत की बढ़ती ताकत का जिक्र किया तो कांग्रेस ने विदेशी रिपोर्ट्स को लेकर बीजेपी के दोहरे रवैये पर सवाल उठाए। सुप्रिया श्रीनेत से लेकर संदीप दीक्षित और उदित राज तक ने बीजेपी पर पलटवार किया। वहीं शाहनवाज हुसैन ने राहुल गांधी पर विदेश में भारत की छवि खराब करने का आरोप लगाया। यानी विदेशी रिपोर्ट से शुरू हुई बहस अब देश की अर्थव्यवस्था, प्रधानमंत्री की छवि और राहुल गांधी की समझदारी तक पहुंच गई है। कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि अब मोदी जी का और बीजेपी का ये हाल हो गया, जैसे डूबते को तिनके का सहारा होता है, वैसे मोदी जी का हाल हो गया है। हिंदुस्तान में घूम-घूम कर लोगों को कहना पड़ रहा है ताली बजाओ। हम लोग आपसे ये पूछना चाहते हैं कि अगर विदेशी रिपोर्ट में आप अच्छे दिख रहे हैं तो वो मीठा-मीठा गप है और वही विदेशी रिपोर्ट जब आपको प्रश्न करती है और लोगों के सामने आपकी असलियत लाती है तो वो एंटी इंडिया हो जाती है। वो भारत विरोधी साजिश हो जाती है, तो आप निर्णय लीजिए कि वो है क्या?
यह भी पढ़ें:- पंजाब में BJP-SAD गठबंधन पर विपक्ष का सियासी वार, AAP और कांग्रेस ने खोला मोर्चा
कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने कहा कि मैंने ये रिपोर्ट देखी नहीं है तो विदेशी आदमी क्या रिपोर्ट छापता क्या नहीं छापता, इससे हमारे को ज्यादा संबंध नहीं होता है। लेकिन मैं रविशंकर जी से एक ही चीज पूछना चाहता हूं, जब ऐसी कोई रिपोर्ट आती है जो नकारात्मक होती है, तब तो ये कहने लगते हैं ये विदेशी इंटरफेरेंस है। तो ये कैसे इंटरफेरेंस नहीं है? ये मुझे कोई बताए ना। ऑस्ट्रेलिया हो, लंदन हो, अमेरिका हो, कोई हो। विदेशी तो विदेशी होता है। अगर विदेशी को अच्छा लगे तो ठीक है, विदेशी को बुरा लगे तो उसके पीछे एजेंडा है, उसके पीछे फंडिंग है। तो मैं इनसे ये पूछ लेता हूं एक बार रविशंकर जी तय कर लें कि देश की सरहदों के बाहर से अगर कोई टिप्पणी हमारे प्रधानमंत्री पर आती है, तो उस टिप्पणी को हमें कैसे लेना चाहिए? क्या तभी लेना चाहिए जब वो पॉजिटिव है या पॉजिटिव हो नेगेटिव हो दोनों ले लेना चाहिए, क्योंकि एक रिपोर्ट प्रधानमंत्री को अच्छे रंग से दिखा रही है। हमारे पास कम से कम सैकड़ों ऐसे पड़ी हैं जो अगर हम रविशंकर जी को पढ़वा दें तो वो पढ़ नहीं पाएंगे। भाजपा नेता सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा कि राहुल गांधी भारत की छवि खराब करना चाहते हैं, विदेश में जाकर भारत को बदनाम करना चाहते हैं। (Asia Power Index Report)
भारत के अर्थव्यवस्था पर करारा प्रहार करते हैं: हुसैन
उन्होंने कहा कि भारत के अर्थव्यवस्था पर करारा प्रहार करते हैं। पूरे दुनिया में अभी निवेशक भारत आ रहे हैं। भारत ही एक ऐसा देश है जहां लग रहा है कि यहां की अर्थव्यवस्था अच्छी है। दुनिया से निवेश आ रहा है, उसको रोकने की साजिश भारत विरोधी ताकतें तो करेंगी, लेकिन भारत में विपक्ष के नेता देश के बाहर जाकर भारत की अर्थव्यवस्था को डेड इकॉनमी बता रहे हैं तो भारत सरकार ने भारत की पूरे दुनिया में एक इमेज और प्रतिष्ठा बनाई है उसको धूमिल करना चाहते हैं। यह देश विरोधी काम है। इस तरह की बातें करके वह देश को बदनाम कर रहे हैं जो दुर्भाग्यपूर्ण है। इस पर कांग्रेस सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि राहुल गांधी की समझदारी के अभाव की बात तो भाजपा हमेशा करती रहेगी, लेकिन लेकिन जो समझदारी राहुल गांधी की है, वो चाहे देश के धरती से बोलें या विदेश की धरती से बोलें, उनकी पढ़ाई-लिखाई बीजेपी के नेताओं से बेहतर ढंग से हुई है। बीजेपी के लोगों की तो डिग्री का ठिकाना नहीं है। बीजेपी के लोग कुछ भी बोलते हैं, जो तथ्यहीन होता है। (Asia Power Index Report)
जिनकी डिग्री का ठिकाना नहीं, वो लोग विद्वान बन जाते हैं: सिंह
सिंह ने कहा कि राहुल गांधी दून स्कूल में पढ़े, सेंट स्टीफंस में पढ़े, कैम्ब्रिज गए, हार्वर्ड गए तो उनमें पढ़ाई-लिखाई और समझदारी का अभाव है और जिनकी डिग्री का ठिकाना नहीं, वो लोग विद्वान बन जाते हैं। मैं इस तरह की बात राजनीति में करना उचित नहीं समझता। कांग्रेस नेता उदित राज ने कहा कि रवि शंकर अंदर ही अंदर जानते हैं कि राहुल गांधी कहीं न कहीं सही कह रहे हैं लेकिन रवि शंकर की कुर्सी तो छीन ली गई। वे जितनी वाह-वाही करेंगे और राहुल गांधी की खिलाफत करेंगे कि शायद उनके नंबर बढ़ जाए। पहले उन्हें अपनी योग्यता देखनी चाहिए। अगर उनमें योग्यता होती तो क्या वे मंत्री न बने रहते? कुल मिलाकर एशिया पावर इंडेक्स की रिपोर्ट से शुरू हुई बहस अब भारत की वैश्विक छवि, आर्थिक स्थिति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर सियासी आरोप-प्रत्यारोप में बदल गई है। बीजेपी और कांग्रेस दोनों अपने-अपने तर्कों के साथ मैदान में हैं, लेकिन बड़ा सवाल यही है कि विदेशी रिपोर्ट्स को लेकर राजनीतिक दलों का नजरिया आखिर एक जैसा क्यों नहीं रहता? फिलहाल इस मुद्दे पर सियासी घमासान थमता नजर नहीं आ रहा।



