पंजाब में BJP-SAD गठबंधन पर विपक्ष का सियासी वार, AAP और कांग्रेस ने खोला मोर्चा

Politics on BJP SAD Alliance: पंजाब में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी और अकाली दल के गठबंधन ने सियासी हलचल तेज कर दी है। दोनों दलों के फिर साथ आने के ऐलान के बाद आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने गठबंधन पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। दिल्ली के पूर्व CM और AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने इसे सत्ता के लिए होने वाला गठबंधन बताया तो मनीष सिसोदिया ने पुराने नशा कारोबारियों से हाथ मिलाने का आरोप लगाया। वहीं कांग्रेस ने भी बीजेपी और अकाली दल के पुराने आरोपों की याद दिलाते हुए कहा कि इस गठबंधन से उसे कोई फर्क नहीं पड़ने वाला। यानी चुनाव से पहले पंजाब में गठबंधन की राजनीति के साथ आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी शुरू हो गया है। AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हम लोगों का गठबंधन पंजाब के SC समाज के साथ है, पंजाब के किसानों के साथ है, पंजाब के व्यापारियों के साथ है। ये लोग सत्ता के लिए कभी साथ आ जाते हैं तो कभी अलग हो जाते हैं।
यह भी पढ़ें:- पंजाब में 6 साल बाद फिर साथ आए BJP-SAD, 2027 का चुनाव मिलकर लड़ेंगे, PM मोदी ने जताई खुशी
केजरीवाल ने आगे कहा कि हम लोग पंजाब के विकास के लिए काम कर रहे हैं। पूरा पंजाब देख रहा है कि उन्होंने पिछले 70-75 साल में पंजाब को जो बर्बाद किया, उसे कैसे 5 साल में भगवंत मान ने मेहनत करके पंजाब को फिर से ठीक करने की कोशिश की है। AAP नेता मनीष सिसोदिया ने कहा कि क्या भाजपा और अकाली दल एक साथ आ रहे हैं या फिर वे पुराने नशा तस्कर और नशा व्यापारी, जिन्होंने पंजाब को नशे में डुबो दिया था, वे एक बार फिर हाथ मिला रहे हैं? पंजाब की जनता यह बात बहुत अच्छी तरह जानती है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि भाजपा और अकाली दल ने गठबंधन कर लिया है। मैं आपको याद दिलाना चाहता हूं कि ये लोग एक-दूसरे के बारे में क्या कहते थे। कैसे ये लोग जनता को बेवकूफ बनाने की कोशिश करते हैं। इन्हें लगता है कि लोग कुछ समय बाद सब भूल जाते हैं।

उन्होंने कहा कि शुरुआत में पूरा बादल परिवार इन ‘काले कानूनों’ के पक्ष में बोल रहा था। वे कह रहे थे, ‘यह बहुत अच्छा कानून है, बहुत बढ़िया कानून है। यह कमाल का है। अगर यह कमाल का काम करेगा तो इससे पंजाब की खेती बहुत समृद्ध हो जाएगी।’ जब किसानों का आंदोलन अपने चरम पर पहुंचा और उसे दुनिया भर से समर्थन मिलने लगा, तब उन्हें एहसास हुआ कि यह एक गलती होगी और पंजाब में राजनीतिक रूप से टिके रहना मुश्किल हो जाएगा। इसलिए हरसिमरत ने इस्तीफा दे दिया और उन कानूनों के खिलाफ बोलने लगीं। वे कहने लगीं, ‘भाजपा किसान-विरोधी है, हमने कुर्बानी दी है, लेकिन तब तक लोग समझ चुके थे कि वे अभी भी एक-दूसरे के संपर्क में हैं और सिर्फ जनता को दिखाने के लिए अलग होने का नाटक कर रहे हैं। यही भाजपा कहती है कि 26 जनवरी या 15 अगस्त को निकलने वाली झांकियों में पंजाब की झांकी शामिल नहीं होगी।
जहां भी मुझे बुलाएंगे मैं आपकी पुकार पर आ जाऊंगा: CM मान
CM मान ने कहा कि हमने उनसे लड़कर यह काम करवाया। हमने BBMB को बचाया। मैं खुद नांगल डैम गया था। फिर भी वे किसके साथ गठबंधन कर रहे हैं? उसी भाजपा के साथ, जिसके बारे में सुखबीर बादल कहते थे कि भाजपा, RSS की मदद से सिख संगठनों पर कब्जा कर रही है कि बीजेपी ने महाराष्ट्र में हजूर साहिब की कमेटी और पटना साहिब की कमेटी पर कब्जा कर लिया है। यह सुखबीर बादल का ही बयान था। आज उसी भाजपा के चरणों में बैठकर आप राजनीतिक गठबंधन कर रहे हैं। आम आदमी पार्टी आपकी अपनी पार्टी है। एक ऐसी पार्टी जो आपके दिलों में बसती है और आप जहां भी मुझे बुलाएंगे मैं आपकी पुकार पर आ जाऊंगा। हम आएंगे और पंजाब के हक में अपनी आवाज उठाएंगे। कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि ये गठबंधन पहले से ही मौजूद था। पहले भी ये लोग मिलकर ही कृषि के ‘काले कानून’ लाए थे। उसके बाद अकाली दल का विरोध हुआ, उन्हें लोगों ने गांवों में प्रवेश नहीं करने दिया तो ये लोग अनौपचारिक तौर पर एक-दूसरे से अलग हो गए थे। अब चुनाव आ गया है तो वे फिर एक साथ आ गए हैं।

उन्होंने आगे कहा कि अगर भाजपा पंजाब में आ जाती है तो सिख समुदाय को बहुत भारी नुकसान पहुंचाएगी। कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि यह कोई नया गठबंधन नहीं है। ये पुराना गठबंधन है जिसे कांग्रेस ने दो-तीन बार परास्त किया है। ये गठबंधन सिद्धांतों का गठबंधन नहीं है। किसानों का क्या होगा जिनके नाम पर ये गठबंधन टूटा था। अभी तक उनकी मांगें मानी नहीं गई हैं। केवल सत्ता हासिल करने के लिए ये गठबंधन बनाने का प्रयास किया जा रहा है। अकाली दल और भाजपा वहां लड़ाई से बाहर हैं। वे कोई मुख्य खिलाड़ी भी नहीं हैं। कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला ने कहा कि अकाली दल को पंजाब के लोगों को जवाब देना होगा कि क्या भाजपा अब ठीक हो गई? भाजपा को जवाब देना होगा कि क्या अब अकाली दल ठीक हो गया? पंजाब के लोग इनसे सवाल पूछेंगे। दो कमजोर हल्के कितने ताकतवर होंगे ये सब जानते ही हैं। अगर वे शक्तिशाली होते तो एक साथ नहीं आते। कांग्रेस इकलौती ऐसी पार्टी है, जो पंजाब विधानसभा चुनाव में सभी सीटों पर चुनाव लड़ सकती है। कांग्रेस अपनी तैयारियों में लगी हुई हैं। कोई भी तीन या चार दल एकत्रित हो जाएं, कांग्रेस को इससे फर्क नहीं पड़ता। (Politics on BJP SAD Alliance)

कांग्रेस सांसद अमर सिंह ने कहा कि पहले भी मैं कहता था और आज भी कहता हूं कि कांग्रेस पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा, क्योंकि इन दोनों को कोई मत नहीं मिलेंगे। मूल बात ये है कि जब अकाली दल ने भाजपा का साथ छोड़ा था, तब अकाली दल ने भाजपा पर कई आरोप लगाए थे। प्रधानमंत्री ने नवंबर 2021 में किसानों के साथ एक वादा किया था कि वे कमेटी बनाएंगे और MSP को लेकर सभी फसलों का हल करेंगे। 5 साल बीतने पर ये कमेटी कहां गई? केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के बयान पर उन्होंने कहा कि ये ऐसे लोग हैं जो कहते हैं कि पंजाब की सरकार दे दीजिए फिर सब काम कर देंगे। क्या 12 साल से केंद्र की सत्ता में आपके पास जो शक्तियां हैं, वो काफी नहीं हैं? क्या पंजाब भारत का हिस्सा नहीं है? CPI महासचिव डी. राजा ने कहा कि उन्होंने विधानसभा चुनावों के लिए गठबंधन किया है। वे पंजाब में चुनाव नहीं जीत सकते। लोकतांत्रिक दल और वामपंथी दल मिलकर चुनाव लड़ेंगे। हम इसमें भाजपा की हार सुनिश्चित करेंगे। भाजपा सांसद नरेश बंसल ने कहा कि ये पंजाब और देश की राजनीति के लिए शुभ संकेत है कि NDA का सबसे पुराना साथी, अकाली दल फिर NDA में आया है। पंजाब की राजनीति को बदलने में इस गठबंधन की बहुत बड़ी भूमिका रहेगी। मुझे लगता है कि आने वाले चुनाव में अकाली दल-भाजपा गठबंधन वाली NDA की सरकार बनेगी और पंजाब नशा मुक्त होगा।

बता दें कि पंजाब में अकाली दल और भाजपा का गठबंधन पहले भी तीन बार सरकार बना चुका है। दोनों पार्टियों ने 1997, 2007 और 2012 के विधानसभा चुनाव में मिलकर बहुमत हासिल किया था। साल 1997 में अकाली दल ने 75 और भाजपा ने 18 सीटें जीतकर कुल 93 सीटों के साथ सरकार बनाई थी। वहीं 2007 में अकाली दल को 48 और भाजपा को 19 सीटें मिली थी। दोनों की कुल 67 सीटों के साथ सत्ता में वापसी हुई थी। 2012 के चुनाव में अकाली दल ने 56 और भाजपा ने 12 सीटें जीतकर कुल 68 सीटों के साथ फिर सरकार बनाई। प्रकाश सिंह बादल इन तीनों कार्यकालों में पंजाब के मुख्यमंत्री बने। हालांकि कृषि सुधार कानूनों को लेकर सितंबर 2020 में करीब 24 साल पुराना भाजपा-अकाली दल गठबंधन टूट गया था। इसके बाद 2022 में हुए पंजाब विधानसभा चुनाव में दोनों पार्टियों का प्रदर्शन बेहद खराब रहा। 117 सीटों वाली विधानसभा में आम आदमी पार्टी ने 92 सीटें जीतकर पहली बार सरकार बनाई। कांग्रेस को 18 सीटें मिलीं, जबकि अकाली दल महज 3 और भाजपा सिर्फ 2 सीटों पर सिमट गई। बहुजन समाज पार्टी ने एक और निर्दलीय उम्मीदवार ने एक सीट जीती थी। वहीं अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने घोषणा की है कि उनके पिता और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल की जयंती के अवसर पर 8 दिसंबर को मोगा में बड़ी रैली आयोजित की जाएगी। इस रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे। सुखबीर बादल के मुताबिक प्रकाश सिंह बादल ने सभी धर्मों को सम्मान दिया, भाईचारे को मजबूत किया और पंजाब के विकास के लिए काम किया था। (Politics on BJP SAD Alliance)



