Google Analytics —— Meta Pixel

असम CM हिमंता बिस्वा सरमा ने पूर्व CM भूपेश बघेल पर ठोका 500 करोड़ का मानहानि मुकदमा, जानिए क्या है पूरा मामला ?

Assam CM Himanta: असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत कांग्रेस 3 नेताओं के खिलाफ 500 करोड़ रुपए का मानहानि मुकदमा दायर किया है। इस मामले में कांग्रेस नेता जितेंद्र सिंह और असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई का नाम भी शामिल है। विवाद की जड़ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान लगाए गए 12,000 बीघा जमीन से जुड़े कथित आरोप हैं। मुख्यमंत्री सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर मुकदमा दायर किए जाने की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल और अन्य कांग्रेस नेताओं ने उनके खिलाफ जानबूझकर गलत और दुर्भावनापूर्ण आरोप लगाए, जिससे उनकी छवि को नुकसान पहुंचा है। इसी कारण उन्होंने सिविल और क्रिमिनल मानहानि का मामला कोर्ट में दर्ज कराया है।

यह भी पढ़ें:- कनाडा के हाई स्कूल में गोलीबारी, हमलावर समेत 10 लोगों की मौत, 25 घायल

CM सरमा के मुताबिक 9 फरवरी 2026 को भूपेश बघेल समेत संबंधित कांग्रेस नेताओं के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई। उन्होंने कहा कि राजनीतिक असहमति अलग विषय है, लेकिन सार्वजनिक मंच से निराधार आरोप लगाना कानून के दायरे में आता है। मुख्यमंत्री का आरोप है कि प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से उनके खिलाफ ऐसे बयान दिए गए, जो पूरी तरह झूठे और तथ्यहीन हैं। इसी के चलते उन्होंने सीधे अदालत का रुख किया। दरअसल, 4 फरवरी को गुवाहाटी में आयोजित एक संयुक्त प्रेस वार्ता में असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने दावा किया था कि पार्टी की आंतरिक जांच में यह सामने आया है कि मुख्यमंत्री और उनके परिवार ने राज्यभर में करीब 12,000 बीघा जमीन पर कब्जा कर रखा है। (Assam CM Himanta)

CM Himanta on Kharge
मुख्यमंत्री हिमंत सरमा

मुख्यमंत्री सरमा ने इन आरोपों को झूठा, दुर्भावनापूर्ण और मानहानिकारक करार दिया है। उन्होंने कहा कि अगर विपक्ष के पास कोई ठोस सबूत है तो उसे अदालत में पेश किया जाए। इस पूरे घटनाक्रम के बीच असम की राजनीति में हिमंता सरमा और गौरव गोगोई के बीच टकराव और तेज हो गया है। इससे पहले सरमा ने कहा था कि वे गांधी परिवार के गुलामों की ओर से किए जा रहे प्रचार या राजनीतिक नाटक से डरने वाले नहीं हैं और हिट एंड रन राजनीति का दौर खत्म हो चुका है। वहीं मुख्यमंत्री ने हाल ही में गौरव गोगोई और उनकी ब्रिटिश पत्नी एलिजाबेथ कोलबर्न के पाकिस्तान के नागरिक अली तौकीर शेख से कथित संबंधों को लेकर भी सवाल उठाए थे। उन्होंने आशंका जताई थी कि इससे संवेदनशील सूचनाएं पाकिस्तान तक पहुंच सकती हैं।

कांग्रेस ने किया पलटवार

कांग्रेस ने मुख्यमंत्री के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा है कि उनके पास अपने दावों के समर्थन में कोई दस्तावेजी सबूत नहीं है। नेताओं ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री राजनीतिक मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए इस तरह के बयान दे रहे हैं। फिलहाल मामला अदालत में पहुंच चुका है और आने वाले दिनों में इस पर कानूनी कार्रवाई और राजनीतिक बयानबाजी दोनों के तेज होने की संभावना है। बता दें कि हिमंता बिस्वा सरमा लंबे समय तक कांग्रेस से जुड़े रहे हैं। वे 2001 से 2015 तक कांग्रेस का हिस्सा रहे और तरुण गोगोई सरकार में मंत्री पद भी संभाला। पार्टी नेतृत्व से मतभेदों के बाद उन्होंने जुलाई 2015 में कांग्रेस छोड़ दी थी और 23 अगस्त 2015 को बीजेपी में शामिल हो गए। इसके बाद वे भाजपा के प्रमुख रणनीतिकारों में शामिल हुए और मई 2021 में असम के मुख्यमंत्री बने। (Assam CM Himanta)

Back to top button
error: Content is protected !!