बीजेपी ने झूठा आरोप लगाकर छत्तीसगढ़ की जनता को गुमराह किया: पूर्व CM भूपेश बघेल
Baghel on PM Awas: प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बीजेपी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में गरीबों का आवास छिनने का आरोप लगाकर भाजपा ने जनता को गुमराह किया है। जबकि हमारी सरकार में करीब 7 लाख आवास बने हैं। अलग-अलग सवालों के उत्तर में सरकार ने अलग-अलग जवाब दिया है। आर्थिक सर्वेक्षण के मुताबिक विष्णुदेव साय सरकार में पूर्ण आवास की संख्या 6 लाख बताई गई है। विधायक पुन्नूलाल मोहले के प्रश्न के जवाब में 13 हजार 170 आंकड़ा बताया गया। जबकि मेरे प्रश्न के जवाब में 1 लाख 65 हजार 620 आवास पूर्ण होने की जानकारी दी गई है।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ विधानसभा में PM आवास को लेकर मचा बवाल, डिप्टी CM विजय शर्मा और पूर्व CM भूपेश बघेल में हुई बहसबाजी
पूर्व CM बघेल ने कहा कि हमारी सरकार के दौरान का आंकड़ा भी आया है, जिसके मुताबिक आर्थिक सर्वेक्षण में पूर्ण मकानों की संख्या 6 लाख 64 हजार 161 है। जबकि मेरे जवाब में 6 लाख 19 हजार 514 आवास पूर्ण बताया गया है। विधानसभा में गलत आंकड़े और जानकारी दिए जा रहे हैं। प्रदेश में प्रशासनिक अराजकता का माहौल है। दरअसल, छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के 9वें दिन प्रश्नकाल के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर जमकर हंगामा हुआ। पूर्व CM भूपेश बघेल ने PM आवास का मुद्दा उठाया। साथ ही पूछा कि सरकार ने कहा कि 18 लाख आवास बने, पिछली सरकार ने कोई निर्माण नहीं किया। (Baghel on PM Awas)
पूर्व CM ने सरकार को घेरा
पूर्व CM ने कहा कि आपके दिए गए उत्तर सारे आंकड़े कह रहे हैं कि पिछली सरकार में भी काम हुआ। उन्होंने आगे कहा अभी आपका 23 लाख 26 हजार आवास का लक्ष्य है। कहा गया है कि स्वीकृत आवास 18 लाख और निर्मित आवास 11 लाख हैं। ये बता दिजिए कि 11 लाख निर्मित हो गए। क्या इसी में 18 लाख आवास दिए जाएंगे? जवाब देते हुए डिप्टी CM विजय शर्मा ने कहा कि जब केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार बनी तो 32 लाख 50 हजार प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए। छत्तीसगढ़ को 6 लाख आवास दिए गए। छत्तीसगढ़ के लोगों को आवास से पिछली सरकार ने वंचित किया। हमारी सरकार में 6 लाख 99 हजार आवास दिए गए। विष्णुदेव साय की सरकार में गरीबों को आवास मिला है। इस पर पूर्व CM भूपेश बघेल ने कहा कि आप उत्तर नहीं दे रहे हैं, बल्कि प्रवचन दे रहे हैं, जिसका जवाब देते हुए डिप्टी CM शर्मा ने कहा कि उत्तर-उत्तर के हिसाब से होगा आपके हिसाब से नहीं होगा। (Baghel on PM Awas)



