Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में नक्सली सरेंडर पर सियासत तेज, कांग्रेस ने सरकार पर झीरम-2 की साजिश का लगाया आरोप

Baij on Naxalite Surrender: छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के सरेंडर को लेकर राजनीति गरमा गई है। PCC चीफ दीपक बैज ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि नक्सलियों के लगातार हो रहे सरेंडर के पीछे कहीं कोई बड़ी साजिश तो नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सरकार झीरम-2 की तैयारी कर रही है ? बैज ने कहा कि बस्तर में नक्सलियों के आत्मसमर्पण की खबरें लगातार आ रही हैं, लेकिन इसके पीछे सरकार की भूमिका पर संदेह गहराता जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में सभी नक्सल ऑपरेशन अचानक रोक दिए गए हैं, जो चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि जब जगदलपुर में 210 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया, तब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और दोनों उपमुख्यमंत्री वहीं मौजूद थे। वे दंतेश्वरी एयरपोर्ट पर डेढ़ घंटे तक बंद कमरे में रहे, लेकिन सरेंडर स्थल पर नहीं पहुंचे। प्रेस कॉन्फ्रेंस कर औपचारिकता निभाई और लौट गए।

यह भी पढ़ें:- अफगानिस्तान में 6.3 तीव्रता का भूकंप, 10 लोगों की मौत, 150 से ज्यादा घायल

बैज ने सवाल किया कि नक्सली कमांडर रूपेश उर्फ अभय को अब तक मीडिया के सामने क्यों नहीं लाया गया, जबकि स्थानीय मीडिया इस पर लगातार सवाल उठा रही है। PCC चीफ ने सरकार से चार सवाल पूछे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार बताए कि नक्सलियों के सरेंडर से पहले क्या कोई गोपनीय शांति वार्ता हुई थी? सरेंडर के बाद पूरे बस्तर में नक्सल ऑपरेशन अचानक क्यों बंद कर दिए गए? जब मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री जगदलपुर में मौजूद थे, तो वे सरेंडर स्थल पर क्यों नहीं पहुंचे? क्या झीरम घाटी जैसी कोई नई साजिश “झीरम 2” रची जा रही है? बैज ने कहा कि राज्य में 17 साल भाजपा की सरकार रही, झीरम घाटी और ताड़मेटला जैसी घटनाएं उसी दौर में हुई। अब वही भाजपा कांग्रेस से सवाल पूछ रही है, जबकि नक्सलवाद को फैलाने की जिम्मेदारी उनकी सरकार की है। (Baij on Naxalite Surrender)

कांग्रेस नक्सलियों की हमदर्द: बीजेपी

कांग्रेस के आरोपों पर डिप्टी CM अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस हमेशा देश तोड़ने वालों के साथ नजर आती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने सरगुजा से नक्सलवाद पूरी तरह खत्म किया है और अब बस्तर से भी इसे जड़ से मिटाने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पांच साल तक नक्सलियों को पाला-पोसा। देश तोड़ने वालों से उनका रिश्ता जगजाहिर है। वहीं कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने भी कहा कि कांग्रेस केवल आरोप लगाकर भ्रम फैलाना चाहती है, जबकि भाजपा सरकार नक्सलवाद के खात्मे के लिए पूरी ताकत से काम कर रही है।

17 अक्टूबर को हुआ था ऐतिहासिक सरेंडर

जगदलपुर में 17 अक्टूबर को 210 नक्सलियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया था। 153 हथियार सौंपे गए थे। महिला नक्सलियों की संख्या पुरुषों से ज्यादा थी। इस दौरान सरकार की पुनर्वास नीति के तहत मकान, जमीन और तीन साल तक आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई थी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा था कि सरकार आत्मसमर्पण करने वालों को मुख्यधारा में लाने के लिए हर संभव मदद करेगी। पुलिस लाइन परिसर में कार्यक्रम के दौरान सभी नक्सलियों को भारतीय संविधान की प्रति और गुलाब का फूल देकर स्वागत किया गया।

झीरमकांड की गूंज फिर तेज

कांग्रेस अध्यक्ष के बयान के बाद एक बार फिर 2013 में हुई झीरम घाटी हत्याकांड चर्चा में है। 25 मई 2013 को सुकमा जिले की झीरम घाटी में नक्सलियों ने कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा पर हमला कर दिया था, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार पटेल, उनके बेटे दिनेश पटेल, महेंद्र कर्मा और कुल 32 लोगों की हत्या हुई थी। हमले के बाद एनआईए ने जांच शुरू की, लेकिन 12 साल बाद भी असली साजिशकर्ताओं का पता नहीं चल पाया है। कांग्रेस अब भी इसे राजनीतिक साजिश मानती है, जबकि भाजपा का कहना है कि यह नक्सली हमला था।

Back to top button
error: Content is protected !!