आंखों की रोशनी लौटाने के नाम पर धर्मांतरण का प्रयास, बजरंग दल ने रोका, पूजा-अर्चना कर फिर स्थापित की तुलसी, परिवार को दिलाया संरक्षण का भरोसा

बलौदाबाजार: जिला मुख्यालय से कुछ ही दूरी पर स्थित ग्राम नयापारा डमरू में बीमारी ठीक करने के नाम पर एक बार फिर धर्मांतरण का प्रयास विहिप-बजरंग दल कार्यकर्ताओं की सतर्कता से विफल हो गया। जानकारी के अनुसार, कोरदा (लवन) निवासी श्यामलाल रात्रे ग्राम निवासी चंपा बाई (पिता स्व. श्यामलाल देवदास) के घर ईसाई पद्धति से प्रार्थना सभा करवा रहा था। सूचना मिलते ही विहिप-बजरंग दल कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और गैर-सनातनी पूजा विधि को रुकवाकर समझाइश दी। साथ ही, श्यामलाल रात्रे को गांव में दोबारा प्रार्थना सभा करने और बीमारी, गरीबी का फायदा उठाकर धर्मांतरण का प्रयास न करने की सख्त हिदायत दी। (Balodabazar News)
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ पुलिस की ‘ऑपरेशन मुस्कान’ से बड़ी सफलता: वर्षों से लापता दो बच्चियां परिजनों से मिलीं, कुल 814 बच्चों की सकुशल वापसी
इसके बाद कार्यकर्ताओं ने पुजारी के माध्यम से विधिवत पूजा-अर्चना कर घर में फिर तुलसी का पौधा स्थापित कराया, पूरे मकान में रामनाम लेखन किया और परिवार को रक्षासूत्र बांधकर हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। (Balodabazar News)
चंपा बाई का खुलासा
चंपा बाई ने बताया कि चार वर्ष पूर्व रसेड़ी में अपने रिश्तेदार के घर रहने के दौरान श्यामलाल रात्रे ने उन्हें ईशु की पूजा करने से आंखों की रोशनी लौटने का विश्वास दिलाया था। पिता के विरोध के बावजूद उन्होंने तुलसी और भगवान के चित्र घर से बाहर कर दिए, लेकिन उनकी आंखें और खराब होती चली गईं और अब पूरी तरह दृष्टिहीन हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि अब मैं अपने भगवान को ही मानूंगी।
विहिप का आरोप
विहिप जिला अध्यक्ष अभिषेक तिवारी ‘मिकी’ ने कहा कि दो वर्ष पूर्व भी श्यामलाल रात्रे के द्वारा चंपा बाई को धर्मांतरण कराने का प्रयास किया गया था, जिसे संगठन और ग्रामीणों के विरोध से रोका गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि अशिक्षा, जानकारी का अभाव, बीमारी और गरीबी का फायदा उठाकर फिर से यह कृत्य दोहराया गया। संगठन ने चंपा बाई के इलाज के लिए विशेषज्ञ चिकित्सक से जांच कराने और परिवार को हर संभव मदद देने का निर्णय लिया है। (Balodabazar News)

उन्होंने कहा कि हम मिशनरियों को जिले के भोले-भाले हिंदुओं का धर्मांतरण सफल नहीं होने देंगे। छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार धर्मांतरण और बाहरी घुसपैठ के विरोध में बनी है, लेकिन अभी तक केवल बातें हो रही हैं। जल्द सख्त कानून और डिलिस्टिंग का निर्णय न हुआ तो धर्मांतरण का कुचक्र प्रदेश की एकता और संप्रभुता को नष्ट कर देगा। घटना के दौरान विहिप-बजरंग दल के कार्यकर्ता राजेंद्र जायसवाल, आदित्य यदु, आनंद साहू, सालिकराम पाल, महेश पाल, गोविंद गिरी गोस्वामी, यंगम साहू, मुकेश पाल, ओमप्रकाश साहू, लुकेश पाल, मनीष पाल, टिकेश्वर पटेल, रविंद्र विश्वकर्मा सहित ग्रामीण उपस्थित थे। (Balodabazar News)



