13 नवंबर से 20 नवंबर तक एग्जिट पोल के प्रसारण पर रोक, रायपुर दक्षिण में भी होना है उपचुनाव

Ban on Exit Polls: भारत निर्वाचन आयोग ने 13 नवंबर से 20 नवंबर तक किसी भी तरह के एग्जिट पोल के आयोजन और प्रसारण को प्रतिबंधित किया है। आयोग की ओर से इसे लेकर अधिसूचना भी जारी कर दी गई है, जिसके मुताबिक लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 के प्रावधानों के तहत इस अवधि के दौरान किसी भी प्रकार के एग्जिट पोल के आयोजन और प्रसारण को प्रतिबंधित किया गया है। भारत निर्वाचन आयोग की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया है कि झारखंड और महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव होना है। वहीं 48 विधानसभाओं में उपचुनाव और दो संसदीय क्षेत्रों में मतदान होने हैं।
यह भी पढ़ें:- मोतियाबिंद ऑपरेशन के बाद 17 लोगों की आंखों में इन्फेक्शन, दिल्ली के नेत्र विशेषज्ञ पहुंचे रायपुर
चुनाव आयोग का कहना है कि चुनावों को देखते हुए 13 नवंबर 2024 को सुबह सात बजे से 20 नवंबर 2024 की शाम साढ़े छह बजे तक की अवधि में इन निर्वाचनों के संदर्भ में किसी भी प्रकार के एग्जिट पोल का संचालन और प्रकाशन करने, प्रिंट या इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से प्रचार करने या किसी प्रकार की अन्य रीति में उसके परिणाम के प्रकाशन या प्रचार या प्रसार करने पर प्रतिबंध होगा। आयोग ने अधिसूचना में यह भी स्पष्ट किया है कि लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 126 (1) ख के अंतर्गत झारखंड और महाराष्ट्र की विधानसभाओं के आम निर्वाचन और 48 विधानसभाओं और दो संसदीय क्षेत्रों में उप-निर्वाचन के संबंध में मतदान की समाप्ति के लिए नियत समय पर समाप्त होने वाली 48 घंटों की अवधि के दौरान किसी भी इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में किसी भी ओपिनियन पोल या किसी अन्य मतदान सर्वेक्षण के परिणामों सहित किसी भी प्रकार के निर्वाचन संबंधी मामले के प्रदर्शन पर प्रतिबंध रहेगा। (Ban on Exit Polls)
13 नवंबर को होगी वोटिंग
बता दें कि रायपुर दक्षिण उपचुनाव 2024 के लिए कुल 46 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। 25 अक्टूबर को भारतीय जनता पार्टी से सुनील कुमार सोनी, भारतीय सर्वजन हिताय समाज पार्टी से विक्रम अडवानी, हमर राज पार्टी से मनीष कुमार ठाकुर, जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी से गोपीचंद साहू, बहुजन मुक्ति पार्टी से कृष्णा चिंचखेड़े, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी से फरीद मोहम्मद कुरैशी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी शरद पवार से बृजनारायण साहू, निर्दलीय आशीष पांडेय, नीरज दुबे, मो. शान अहमद, अब्दुल अजीम, चन्द्र प्रकाश कुर्रे, प्रकाश कुमार उरांव और अदनान शाहीद ने नामांकन दाखिल किए। बता दें कि रायपुर दक्षिण में 13 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। वहीं 23 नवंबर को नतीजे सामने आएंगे। (Ban on Exit Polls)



