Google Analytics —— Meta Pixel

बांग्लादेशी नागरिकता छिपाकर बनवा रहे थे भारतीय जन्म प्रमाण पत्र, पखांजूर में ऐसे खुला राज…?

Bangladeshi in Pakhanjore: देशभर में बांग्लादेशी नागरिकों और संदिग्ध मतदाताओं की जांच अभियान के बीच छत्तीसगढ़ के पखांजूर से एक बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है, जहां तहसील कार्यालय में जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए अचानक आवेदनों की बाढ़ आ गई है। जांच में कई ऐसे मामले सामने आए हैं, जहां विदेशी नागरिकों ने फर्जी दस्तावेजों के जरिए खुद को भारतीय नागरिक साबित करने की कोशिश की। ताजा मामला पखांजूर तहसील के पीवी-127 गांव का है, जहां रहने वाले प्रशांत बैरागी (68 साल) और उनका बेटा सुकृत बैरागी 2022 में वीजा पर भारत आए थे। वीजा अवधि 2023 में समाप्त हो गई, लेकिन दोनों यहीं रह गए। इसके बाद प्रशांत बैरागी ने अपने बेटे के नाम से फर्जी स्कूल की मार्कशीट और पंचायत-आंगनबाड़ी से बनवाए गए प्रमाण पत्रों के आधार पर जन्म प्रमाण पत्र के लिए आवेदन कर दिया।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में 1000 करोड़ का NGO घोटाला, हाईकोर्ट ने दिए CBI जांच के आदेश, नौकरशाही पर संकट के छाए बादल

तहसीलदार कुलदीप ठाकुर ने शुरुआत में आवेदन पर आदेश भी जारी कर दिया था, लेकिन इसी दौरान एक शिकायत सामने आई जिसमें बताया गया कि दोनों व्यक्ति बांग्लादेशी नागरिक हैं। दोबारा हुई जांच में उनके पास से बांग्लादेशी पासपोर्ट बरामद हुआ, जिससे उनकी नागरिकता की सच्चाई सामने आ गई। तुरंत कार्रवाई करते हुए तहसीलदार ने जन्म प्रमाण पत्र बनाने का आदेश निरस्त कर दिया और पुलिस को एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। दूसरा मामला नगर पंचायत पखांजूर के वार्ड क्रमांक 5 की निवासी मनीषा किन्नर से जुड़ा है। मनीषा ने अपने जन्म की तारीख 1 जनवरी 1980 और स्थान पखांजूर बताते हुए जन्म प्रमाण पत्र बनवाया था। तहसील कार्यालय ने 17 जुलाई को प्रमाण पत्र जारी भी कर दिया। हालांकि बाद में प्राप्त हुई एक शिकायत के आधार पर जांच की गई तो मनीषा के पास पहले से बना पासपोर्ट मिला, जिसमें जन्म स्थान पश्चिम बंगाल के एक गांव में दर्ज था। (Bangladeshi in Pakhanjore)

खुलासे के बाद जन्म प्रमाण पत्र निरस्त

जांच में फर्जीवाड़ा साबित होने के बाद मुख्य कार्यपालन अधिकारी, नगर पंचायत पखांजूर ने जन्म प्रमाण पत्र निरस्त कर दिया और तहसीलदार ने एफआईआर दर्ज कराने के आदेश जारी कर दिए। तहसीलदार कुलदीप ठाकुर ने कहा कि यह सिर्फ शुरुआत हो सकती है। परलकोट क्षेत्र में बड़ी संख्या में बंग समुदाय के लोग बसे हुए हैं, जिनमें से कुछ को पहले ही सरकारी अनुमति से नागरिकता दी गई है, लेकिन कई संदिग्ध लोग अब भी फर्जी दस्तावेजों के सहारे भारतीय बनने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने आशंका जताई कि पुलिस जांच के बाद और भी कई मामले सामने आ सकते हैं, जिससे स्पष्ट होता है कि यह सिर्फ व्यक्तिगत फर्जीवाड़ा नहीं, बल्कि नागरिकता प्राप्त करने के लिए संगठित रैकेट हो सकता है। पखांजूर में सामने आए ये मामले यह संकेत देते हैं कि किस प्रकार फर्जी दस्तावेजों के आधार पर नागरिकता और सरकारी दस्तावेज हासिल करने का खेल खेला जा रहा है। प्रशासन की सख्ती और पुलिस जांच अब ऐसे सभी संदिग्ध मामलों की परतें खोल सकती हैं। (Bangladeshi in Pakhanjore)

Back to top button
error: Content is protected !!