मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किसानों को दिया एक और तोहफा, धान खरीदी के लिए सुविधा, पढ़ें पूरी खबर
Benefits to Paddy Farmers: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किसानों के हित को ध्यान में रखते हुए उन्हें एक और बड़ी सुविधा दी है। इससे किसानों को तत्काल राशि की जरूरत पूरी हो सकेगी। धान बेचने केंद्रों में पहुंचे किसान अब वहां माइक्रो एटीएम से दो हजार रुपए से लेकर दस हजार रुपए तक की राशि निकाल सकेंगे। मुख्यमंत्री साय की ओर से दी गई इस सुविधा से किसानों को बड़ी राहत मिलेगी। राज्य में 14 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की जा रही है। शासन की ओर से किसानों को उनके बेचे गए धान के एवज में 72 घंटे के भीतर बैंक खातों में भुगतान की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
यह भी पढ़ें:- चित्रकोट में बस्तर आदिवासी विकास प्राधिकरण की बैठक आज, CM विष्णुदेव साय होंगे शामिल
वहीं किसानों की जरूरत को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने 10 हजार रुपए तक की राशि माइक्रो एटीएम से तुरंत प्रदान किए जाने की सुविधा दी है। किसानों को धान बेचने के लिए उपार्जन केंद्र तक उसके परिवहन के लिए किराए पर लिए गए ट्रैक्टर, मेटाडोर का भाड़ा और हमाली-मजदूरी का भुगतान करने के लिए अब न तो किसी से राशि उधार लेने की जरूरत होगी, न ही बैंक का चक्कर लगाना होगा। मुख्यमंत्री की ओर से दी गई इस सुविधा से किसान बेहद प्रसन्न है। गौरतबल है कि छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल के मान से समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी की जा रही है, जो 31 जनवरी 2025 तक चलेगी। (Benefits to Paddy Farmers)
शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी
चालू खरीफ विपणन वर्ष में 14 हजार 562 किसानों से लगभग 55 हजार टन धान की खरीदी हो चुकी है। धान खरीदी के लिए राज्य में इस साल 2739 उपार्जन केंद्र स्थापित किए गए हैं। धान बेचने के लिए 27 लाख 68 हजार किसानों ने पंजीयन कराया गया है, जिसमें 1 लाख 42 हजार नए किसान शामिल है। धान खरीदी केंद्रों में तौल के लिए इलेक्ट्रानिक कांटा-बांट, बारदाना, किसानों के लिए बैठक और पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। धान उपार्जन केंद्रों में शिकायत और निवारण के लिए हेल्पलाइन नंबर भी चस्पा कर दिए गए हैं। विपणन संघ मुख्यालय स्तर पर शिकायत निवारण के लिए कंट्रोल रूम की स्थापना भी की गई है, जिसका नंबर 0771-2425463 है। (Benefits to Paddy Farmers)



