पत्रकार हत्या मामले में पूर्व CM भूपेश बघेल का डिप्टी CM अरुण साव पर वार, लगाए गंभीर आरोप
Bhupesh Baghel on Sao: पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बीजापुर के पत्रकार मुकेश चंद्राकर की मौत को लेकर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि मुझे आज भी वो दिन याद है जब नक्सलियों के कब्जे से हमारी कोबरा बटालियन के जवान राकेश्वर सिंह मन्हास को नक्सलियों के चंगुल से रिहा कराने वाली मध्यस्थ टीम मुख्यमंत्री निवास रायपुर में मुझसे भेंट करने आयी थी। साहसी पत्रकार मुकेश चंद्राकर उस मध्यस्थ टीम के प्रमुख सदस्य थे। उनके साहस के लिए मैंने उनकी पीठ थपथपाई थी। मुकेश के साथ जो हुआ है, वह बेहद दुर्भाग्यजनक है। सिर्फ शब्दों से निंदा कर देने से क्षति और असुरक्षा का समाधान नहीं हो सकता। ना ही इस विषय पर कोई राजनीतिक टिप्पणी करना चाहूंगा।
यह भी पढ़ें:- पत्रकार मुकेश चंद्राकर की हत्या पर भाजपा कर रही ओछी राजनीति: PCC चीफ दीपक बैज
पूर्व CM ने कहा कि सरकार से अनुरोध है कि त्वरित जांच हो, दोषियों पर कार्रवाई हो और ऐसी नजीर पेश हो कि अपराधियों में संदेश जाए। साथ ही मुकेश के परिवार का ध्यान रखने के लिए सरकार को आर्थिक सहायता, नौकरी पर भी निर्णय लेना चाहिए। साहसी पत्रकार मुकेश चंद्राकर को हम सब छत्तीसगढ़वासियों की विनम्र श्रद्धांजलि। ईश्वर उनके परिवार को हिम्मत दे। ॐ शांति:। पूर्व CM ने डिप्टी CM अरुण साव पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मैंने सोचा था कि मुकेश चंद्राकर के मामले में न्याय मिलने तक इस पर राजनीतिक बयानबाजी नहीं होनी चाहिए, लेकिन भाजपा नेताओं के हद से ज्यादा गिर जाने पर मुझे कहना पड़ेगा। (Bhupesh Baghel on Sao)
उपमुख्यमंत्री अरुण साव पर गंभीर आरोप
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव, जिनके पास ही PWD विभाग भी है, इतने ताकतवर हो गए हैं कि उनके PWD विभाग में हुए बड़े सड़क घोटाले को जब पत्रकार मुकेश चंद्राकर ने उजागर किया तो उन्हें मौत के घाट उतार दिया गया। इसी PWD विभाग में जब आचार संहिता के दौरान पुल निर्माण का मामला विधानसभा में वरिष्ठ कांग्रेस विधायक कवासी लखमा ने उठाया तो 10 दिन बाद उनके घर ED भेज दी गई। सत्य यही है और साबित भी हो रहा है कि अब तो यह स्पष्ट है कि अरुण साव भ्रष्ट है। मैं उन्हें व्यक्तिगत रूप से जानता था। वे बहुत बहादुर पत्रकार थे। उन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर जिम्मेदारी निभाई, जो भी भ्रष्टाचार की रिपोर्ट करता है, वह यहां सुरक्षित नहीं है। भाजपा झूठे आरोप लगाती है। यह घटना सरकार की असंवेदनशीलता को उजागर करती है। (Bhupesh Baghel on Sao)



