पत्रकार मुकेश चन्द्रकार हत्याकांड: 3 आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी सुरेश चंद्राकर की तलाश जारी, SIT का हुआ गठन

Journalist Mukesh Murder Case: बीजापुर जिले के वरिष्ठ पत्रकार मुकेश चंद्रकार की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इस हत्याकांड की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है, जिसका नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर (IPS) कर रहे हैं। मामले की विस्तृत और वैज्ञानिक जांच जारी है।
यह भी पढ़ें:- पत्रकार हत्या मामले में पूर्व CM भूपेश बघेल का डिप्टी CM अरुण साव पर वार, लगाए गंभीर आरोप
प्रकरण का खुलासा: कैसे हुई हत्या?
1 जनवरी 2025 की रात लगभग 8:30 बजे पत्रकार मुकेश चंद्रकार अपने घर से लापता हो गए थे। उनके बड़े भाई युकेश चंद्रकार ने 2 जनवरी की रात 7:30 बजे थाना कोतवाली बीजापुर में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। सूचना मिलते ही बीजापुर पुलिस अधीक्षक ने तत्काल अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक युलैंडन यार्क के नेतृत्व में तीन अलग-अलग टीमों का गठन किया। जांच के दौरान संदेह होने पर पुलिस ने ठेकेदार सुरेश चंद्रकार के चट्टानपारा स्थित निवास के बैडमिंटन कोर्ट में हाल ही में बने सीमेंट फ्लोरिंग वाले सेप्टिक टैंक की जांच की। 3 जनवरी को तहसीलदार और फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में सीमेंट तोड़कर टैंक खोला गया, जिसमें मुकेश चंद्रकार का शव बरामद हुआ। उनके शरीर पर लोहे की रॉड से किए गए हमलों के गहरे निशान मिले। (Journalist Mukesh Murder Case)
हत्या की पूरी साजिश:
जांच में खुलासा हुआ कि पत्रकार मुकेश चंद्रकार और आरोपी रितेश चंद्रकार रिश्ते में भाई थे। 1 जनवरी की रात दोनों के बीच पारिवारिक और व्यवसायिक विवाद को लेकर कहासुनी हुई। बहस के दौरान रितेश चंद्रकार ने अपने सुपरवाइजर महेंद्र रामटेके के साथ मिलकर लोहे की रॉड से हमला कर उनकी हत्या कर दी। शव को छिपाने के लिए उसे सेप्टिक टैंक में डालकर फ्लोरिंग करवा दी गई। इसके बाद रितेश चंद्रकार ने अपने भाई दिनेश चंद्रकार को घटना की जानकारी दी और रायपुर रवाना हो गया। दिनेश चंद्रकार ने 2 जनवरी को घटना स्थल पर नए सिरे से सीमेंट का काम करवाया, ताकि सबूतों को नष्ट किया जा सके। (Journalist Mukesh Murder Case)
गिरफ्तार आरोपी और फरार मुख्य आरोपी:
पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
रितेश चंद्रकार: रायपुर एयरपोर्ट से पकड़ा गया।
महेंद्र रामटेके (सुपरवाइजर): बीजापुर से गिरफ्तार।
दिनेश चंद्रकार: बीजापुर से गिरफ्तार। हालांकि, मुख्य आरोपी ठेकेदार सुरेश चंद्रकार अब भी फरार है। उनकी गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया है, जो संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
आर्थिक जांच और बैंक खाते सील:
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और जिला प्रशासन ने ठेकेदार सुरेश चंद्रकार के तीन बैंक खातों को सील कर दिया है। अन्य बैंक खातों और संपत्तियों की भी जांच जारी है। सुरेश चंद्रकार द्वारा अवैध तरीके से बनाई गई एक निर्माण इकाई (Construction Yard) को भी ध्वस्त कर दिया गया है।
SIT का गठन और निष्पक्ष जांच का आश्वासन:
पत्रकार मुकेश चंद्रकार की हत्या की निष्पक्ष जांच के लिए पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज, जगदलपुर सुंदरराज पी. ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर (IPS) के नेतृत्व में 11 सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। SIT वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच कर रही है। (Journalist Mukesh Murder Case)
पुलिस का बयान:
पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी. ने कहा कि पत्रकार मुकेश चन्द्रकार की हत्या के सभी दोषियों को कानून के दायरे में लाकर सख्त सजा दिलाई जाएगी। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई है और जल्द ही चार्जशीट कोर्ट में प्रस्तुत की जाएगी। पत्रकार मुकेश चंद्रकार की हत्या ने पूरे बीजापुर को हिला दिया है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि न्याय की प्रक्रिया जल्द और निष्पक्ष रूप से पूरी होगी। (Journalist Mukesh Murder Case)



