दुर्ग SP को पूर्व CM भूपेश बघेल ने दी चेतावनी, कहा- सत्ता उलटती-पलटती रहती है
Bhupesh on Durg SP: भिलाई में पूर्व CM भूपेश बघेल का काफिला रोकने के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसियों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिसे लेकर बवाल मचा हुआ है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ट्वीट कर कहा कि भिलाई – 3 में शांतिपूर्ण धरने के बाद शांतिपूर्वक मार्च करके ज्ञापन देने जा रहे कार्यकर्ताओं को पुलिसवालों ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। तो क्या अब भाजपा सरकार को शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन भी बर्दाश्त नहीं है? यह तो जनता का लोकतांत्रिक अधिकार है। भाजपा सरकार और खासकर उनके आदेश का पालन कर रहे नौकरशाह कान खोलकर सुन लें।
यह भी पढ़ें:- दिल्ली दौरे पर डिप्टी CM अरुण साव, ट्राइबल यूथ हॉस्टल और छत्तीसगढ़ भवन का किया निरीक्षण
उन्होंने कहा कि सत्ता की गोद में बैठकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज करवाना याद रहेगा। भूलना मत, लाठी का एक-एक वार कांग्रेसियों का हौसला बढ़ाता है। हम गांधीवादी हैं। लोकतंत्र पर हमारी अटूट आस्था है। एक सवाल अभी बचा हुआ है। बजरंग दल के गुंडा तत्वों पर कार्रवाई कब होगी? पूर्व CM ने चेतावनी देते हुए कहा कि दुर्ग SP और उनके आका ठीक तरह से समझ लें। सत्ता उलटती-पलटती रहती है। काम ऐसे ही कीजिएगा कि भविष्य में आंख मिला सकें। उन्होंने कहा कि मार्च निकाल रहे मेरे साथी कार्यकर्ता शांतिपूर्ण ढंग से चल रहे थे। वे सिर्फ नारे लगा रहे थे। इसके बाद पुलिसवालों ने बिना किसी उकसावे के उन पर लाठी बरसानी शुरू कर दी। (Bhupesh on Durg SP)
पुलिस का रवैया ठीक नहीं: संचार प्रमुख
पूर्व CM बघेल ने कहा कि सरकारी नुमाइंदे मीडिया के जरिए अफवाह फैला रहे हैं कि प्रदर्शन के दौरान उन पर हमला पहले हुआ था। मीडिया इस दुष्प्रचार का हिस्सा बनी हुई है। शांतिपूर्ण विरोध में सरकारी आदेश पर निर्मम लाठीचार्ज में पुलिस की लाठी से थाना प्रभारी का घायल होना भी दुखद है। वे जल्द स्वस्थ हों। वहीं कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आंनद शुक्ला ने कहा कि पहले पूर्व मुख्यमंत्री के काफिले को रोककर उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया। उनके सुरक्षाकर्मियों से धक्का-मुक्की की गई। जब उसके विरोध में परमिशन लेकर विरोध प्रदर्शन किया जाता है तो उन पर लाठीचार्ज किया जाता है। भाजपा सरकार का चरित्र सबके सामने आ चुका है। पुलिस का रवैया इस मामले में ठीक नहीं है। पुलिस ने स्वामी भक्ति और चाटुकारिता में बर्बरता से कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लाठी चार्ज किया है। कांग्रेस पार्टी इसकी निंदा करती है। (Bhupesh on Durg SP)



