Chhattisgarh News : राजस्व रिकॉर्ड में गड़बड़ी पर बड़ी कार्रवाई: पंडरीतराई के पटवारी निलंबित
भू-माफियाओं को लाभ पहुंचाने का आरोप, जांच में दोषी पाए जाने पर कार्रवाई

Chhattisgarh News : ग्राम पंडरीतराई में राजस्व अभिलेखों में अनियमितता और अवैध छेड़छाड़ के गंभीर आरोपों के चलते पटवारी विरेंद्र कुमार झा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। रायपुर एसडीएम कार्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, पटवारी पर आरोप है कि उन्होंने अपने शासकीय पद का दुरुपयोग कर राजस्व दस्तावेजों में गैरकानूनी संशोधन किए और भू-माफियाओं को अनुचित लाभ पहुंचाया।
यह भी पढ़े :- डीएमएफ में उत्कृष्ट कार्यों के लिए छत्तीसगढ़ को मिला राष्ट्रीय सम्मान
ग्राम सेवा समिति की शिकायत के बाद खुलासा
यह मामला ग्राम सेवा समिति, रायपुर द्वारा की गई शिकायत के बाद प्रकाश में आया था। जांच की जिम्मेदारी संभागायुक्त कार्यालय को सौंपी गई थी, जिसकी रिपोर्ट में पटवारी के खिलाफ लगे आरोपों की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट में यह स्पष्ट किया गया है कि यह कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम-3 का सीधा उल्लंघन है, जिसे गंभीर कदाचार की श्रेणी में रखा गया है।
निलंबन के दौरान मिलेगा जीवन निर्वाह भत्ता
निलंबन आदेश के अनुसार, पटवारी विरेंद्र कुमार झा का मुख्यालय तहसील रायपुर नियत किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा। (Chhattisgarh News)
पंडरीतराई का कार्यभार अस्थायी रूप से सौंपा गया
उधर, ग्राम पंडरीतराई का पटवारी प्रभार ग्राम कचना के पटवारी बलराम ध्रुव को अस्थायी रूप से सौंपा गया है। आगामी आदेश तक वे इस दायित्व का निर्वहन करेंगे। (Chhattisgarh News)




