Bike theft in kanker : जेल में हुई दोस्ती फिर प्लानिंग के साथ चुराए 20 बाइक, पुलिस ने कसा शिकंजा

Bike theft in kanker: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में पुलिस ने अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है. इस गिरोह के 4 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है. जिनके पास से अलग-अलग जिलों से चुराई हुई लगभग 20 बाइक भी बरामद की गई है. बताया जा रहा है कि इनमें से दो आरोपी पहले भी अन्य अपराधों में जेल जा चुके हैं. जेल में दोनों की दोस्ती हुई और वहीं से चोरी की प्लानिंग इन्होंने बनाई थी. फिर बाहर आकर बाइक चोरी करने लगे थे. शुक्रवार को पुलिस ने प्रेस वार्ता लेकर मामले का खुलासा किया. गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। मामला कांकेर थाना क्षेत्र का है.
पुलिस को जानकारी मिली थी कि कांकेर में पिछले कुछ दिनों से बाहरी लोग सस्ते दामों में लोगों को बाइक बेच रहे हैं. इसी सूचना के आधार पर SP शलभ सिन्हा ने जिले के सभी थाना क्षेत्रों में जवानों की टीम बनाई और इस मामले पर नजर बनाए रखने को कहा. इस बीच पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कोंडागांव का रहने वाला रजनु कोर्राम (35) और बीजापुर का राजेश एंड्रिक (30) शहर के आस-पास के इलाकों में बाइक बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे हैं. इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने इन दोनों युवकों की तलाश कर पकड़ लिया.
जिसके बाद जब इनसे बाइक के बारे में पूछताछ की गई और दस्तावेज मांगे तो इन्होंने अपना जुर्म कबूल लिया. दोनों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि इनके साथ कांकेर के रहने वाले नरेश कावड़े (30) और राकेश हिडको (28) भी चोरी की वारदात में शामिल हैं. जवानों ने इन दोनों आरोपियों को इनके घर जाकर पकड़ लिया. इनके घर की जब तलाशी ली गई तो पुलिस ने वहां से अलग-अलग कंपनियों की करीब 8 से 10 बाइक बरामद की. साथ ही इन आरोपियों ने जिन्हें बाइक बेची थी उनसे भी बाइक बरामद की गई है. पुलिस ने चोरी की 20 बाइकों को बरामद किया है.
इसे भी पढ़ें-Gourela Pendra Marwahi : पेंड्रा में हिरणों को ले जा रहा वन विभाग का पलटा ट्रक, सभी सुरक्षित
चारों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद इन्होंने पूछताछ में पुलिस को बताया कि वे कांकेर जिले के अलावा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, कोंडागांव समेत अन्य जगहों से भी बाइक चोरी किए थे. बाइक चोरी (Bike theft in kanker) कर चेसिस नंबर और नंबर प्लेट बदल देते थे. जिसके बाद ग्रामीण इलाकों में अंजान ग्रामीणों को सस्ते दामों में बेचने का काम किया करते थे.



