बिलासपुर सिम्स में PG के दो नए कोर्स को मिली मंजूरी, राज्य के युवाओं को मिलेगा लाभ

Bilaspur CIMS News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सुविधाओं मे विस्तार और युवाओं के लिए राज्य में ही मेडिकल शिक्षा को लेकर काफी संवेदनशील है। मुख्यमंत्री की पहल पर चिकित्सा शिक्षा विभाग ने बिलासपुर सिम्स में 6 पीजी पाठ्यक्रमों के लिए सीटों में बढ़ोतरी की मंजूरी प्रदान कर दी है। इसके साथ ही बिलासपुर सिम्स में दो नए पीजी पाठ्यक्रमों को शुरू करने की भी मंजूरी राज्य शासन ने दी है। राज्य शासन के द्वारा पीजी के अतिरिक्त सीटों और नए पाठ्यक्रमों को मंजूरी दिए जाने पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा है कि सीटों में वृद्धि से राज्य में एमबीबीएस कर रहे मेडिकल के छात्रों को लाभ मिलेगा। राज्य में ही पीजी पाठ्यक्रम में प्रवेश की संभावना बढ़ने से छात्रों को राज्य में ही उच्च शिक्षा प्राप्त करने का मौका मिलेगा।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में पर्यटन संबंधी परियोजनाओं के लिए केंद्र सरकार करेगा पूरा सहयोग: केंद्रीय पर्यटन मंत्री शेखावत
राज्य शासन की तरफ से बिलासपुर सिम्स में एमडी रेडियो डायग्नोस्टिक्स और एमडी रेस्पिरेटरी मेडिसीन के 2 नए पाठ्यक्रमों को शुरू करने की मंजूरी दी गई है। इसके अलावा एमडी पीडियाट्रिक्स में दो सीटों की वृद्धि, एमएस आब्स्टेट्रिक्स व गाइनेकोलाजी में 4 सीटों की वृद्धि, एमडी एनेस्थीसियोलाजी में 5 सीटों की वृद्धि, एमएस ओटोरिनोलेरिंगोलाजी में 2 सीटों की वृद्धि और एमडी कम्यूनिटी मेडिसीन में 4 सीटों की वृद्धि के लिए मंजूरी प्रदान की गई है। राज्य शासन की ओर से इसे लेकर इशेंसियेलिटी सर्टिफिकेट भी जारी कर दिया गया है। इससे न सिर्फ मेडिकल में उच्च शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ेगी, बल्कि राज्य को अतिरिक्त विशेषज्ञ चिकित्सक भी मिलेंगे। (Bilaspur CIMS News)
स्वास्थ्य सुविधाओं में लगातार इजाफा
मुख्यमंत्री साय के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य सुविधाओं और संसाधनों में लगातार इजाफा हो रहा है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के निर्देश पर स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाने का प्रयास सतत रूप से जारी है। इसी कड़ी में बलौदाबाजार में कलेक्टर दीपक सोनी के मार्गदर्शन में जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। जिला अस्पताल बलौदाबाजार में इस साल जनवरी 2024 से माह सितंबर तक 9 माह में कुल 1816 सफल प्रसव कराए गए हैं। प्रसव में से 1354 सामान्य प्रसव और 462 सिजेरियन शामिल है। सिजेरियन में आकस्मिक और पूर्व नियोजित दोनों ही सम्मिलित हैं। जिला अस्पताल बलौदाबाजार के सिविल सर्जन डॉक्टर के. के. टेम्भूरने ने बताया कि अस्पताल में तीन स्त्री रोग विशेषज्ञों के साथ कुशल प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ अपनी सेवाएं देते हैं। यहां आधुनिक सुविधाओं से युक्त प्रसव कक्ष स्थापित है। (Bilaspur CIMS News)



