Google Analytics —— Meta Pixel

बिलासपुर में महिला ने रोते हुए सड़क पर बैठकर लगाई न्याय की गुहार, पति और ससुराल वालों पर प्रताड़ना के आरोप

Bilaspur News: बिलासपुर के सबसे व्यस्तम इलाकों में से एक नेहरू चौक उस समय चर्चा का केंद्र बन गया, जब एक महिला सड़क के बीचोबीच बैठकर रोने लगी और न्याय की गुहार लगाने लगी। यह दृश्य देखकर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई और ट्रैफिक प्रभावित हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को समझाकर शांत किया और उसे किनारे बैठाकर बातचीत की। महिला की पहचान आकांक्षा सोनवानी के रूप में हुई है, जो अटर्रा पंचायत की रहने वाली है। उसने बताया कि उसकी शादी मुंगेली के फरहदा गांव के रहने वाले रूद्र कुमार सोनवानी से हुई थी। आकांक्षा का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसे ससुराल वाले लगातार प्रताड़ित कर रहे हैं।

 यह भी पढ़ें:- नक्सल मोर्चे पर अब तक की सबसे बड़ी सफलता, सोनू दादा उर्फ भूपति समेत 60 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण 

आकांक्षा ने कहा कि उसके पति रूद्र कुमार के किसी ज्योति नाम के महिला से अवैध संबंध हैं, जिसकी वजह से वह और उसका परिवार उसे स्वीकार नहीं कर रहे। उसने बताया कि जब भी वह ससुराल जाती है, उसे वहां से भगा दिया जाता है और जान से मारने की धमकी दी जाती है। आकांक्षा ने यह भी कहा कि उसने कई बार शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन हर बार उसे दबाव में लेकर मामले को दबा दिया गया। जब उसे कोई रास्ता नहीं सूझा तो उसने मजबूरी में सार्वजनिक रूप से सड़क पर बैठकर न्याय की गुहार लगाने का कदम उठाया। (Bilaspur News)

घटना की सूचना मिलते ही CSP निमितेश सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़िता की बात सुनी और उसे उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। CSP सिंह ने तत्काल हिर्री थाना के अधिकारियों से संपर्क कर मामले की जांच शुरू करने के निर्देश दिए। CSP ने कहा कि महिला की शिकायत को गंभीरता से लिया गया है और कानून के तहत उचित कार्रवाई की जाएगी।

सड़क पर महिला के बैठ जाने से कुछ देर के लिए नेहरू चौक का ट्रैफिक बाधित हो गया था। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत ट्रैफिक को नियंत्रित किया और महिला को सड़क के किनारे सुरक्षित स्थान पर बैठाया। पुलिस ने कहा कि पीड़िता के लगाए गए आरोपों की जांच की जाएगी और अगर आरोप सही पाए गए तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। (Bilaspur News)

 
Back to top button
error: Content is protected !!