BJP सदस्यता अभियान का हुआ आगाज, PM मोदी ने कहा- पार्टी अपने संविधान के हिसाब पर चलती है
BJP Sadasyata Abhiyan 2024 : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की राष्ट्रीय सदस्यता अभियान 2024 के शुभारंभ के अवसर पर कहा कि बीजेपी अपने संविधान के आधार पर चलती है. इससे पहले पीएम मोदी ने आज नई दिल्ली में पार्टी की नई सदस्यता ग्रहण कर बीजेपी राष्ट्रीय सदस्यता अभियान 2024 का आगाज किया. पीएम मोदी ने मिस्ड कॉल देकर बीजेपी की सदस्यता (नवीनीकरण किया) ली और सदस्यता अभियान के पहले सदस्य बने।
पीएम मोदी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज सदस्यता अभियान (BJP Sadasyata Abhiyan 2024) का एक और दौर शुरू हो रहा है. भारतीय जनसंघ से लेकर अब तक हमने देश में एक नई राजनीतिक संस्कृति लाने का भरसक प्रयास किया है. जब तक जिस संगठन के माध्यम से या जिस राजनीतिक दल के माध्यम से देश की जनता सत्ता सुपुर्द करती है, वो ईकाई, वो संगठन और वो दल अगर लोकतांत्रिक मूल्यों को नहीं जीता है, आंतरिक लोकतंत्र निरंतर उसमें पनपता नहीं है तो वैसी स्थिति बनती है जो आज देश कई दलों को हम देख रहे हैं.
पीएम मोदी ने कहा कि बीजेपी एकमात्र ऐसा दल है. जो अपनी पार्टी के संविधान के अनुसार अक्षरश: लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं का पालन करते हुए अपने काम का लगातार विस्तार कर रहा है. जन-सामान्य की आशा, आकांक्षाओं पर खरा उतरने के लिए अपने आप को निरंतर योग्य बनाते रहता है.
भाजपा अकेली ऐसी पार्टी है, जिस पर हमें गर्व है : अमित शाह
भाजपा के संगठन पर्व, सदस्यता अभियान 2024 (BJP Sadasyata Abhiyan 2024) के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री और भाजपा नेता अमित शाह ने कहा, हमारी पार्टी दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी तो है ही साथ ही राजनीतिक दलों में अनूठी पार्टी भी है. कोई राजनीतिक दल लोकतांत्रिक तरीके से हर 6 साल में सदस्यता अभियान नहीं करता। भाजपा अकेली ऐसी पार्टी है, जिस पर हमें गर्व है.
भारत में पहले के नेताओं की कथनी और करनी में अंतर : राजनाथ सिंह
केंद्रीय रक्षा मंत्री और भाजपा नेता राजनाथ सिंह ने कहा, भारत में पहले के नेताओं की कथनी और करनी में अंतर के कारण विश्वास का संकट पैदा हो गया था, इसे प्रधानमंत्री मोदी ने चुनौती के रूप में लिया. जब 2014 में वे प्रधानमंत्री बने तब मैं पार्टी का अध्यक्ष था. तब उन्होंने बार-बार आग्रह किया कि चुनावी घोषणा पत्र संभल कर बनाया जाना चाहिए. ऐसा न हो कि हम जो कह रहे हैं उसे पूरा न कर पाएं. हमारी कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं होना चाहिए.



