Google Analytics —— Meta Pixel

हार का ठीकरा भाजपा और चुनाव आयोग पर फोड़ना चाहते हैं राहुल गांधी: सांसद रवि किशन 

BJP MP Ravi Kishan: लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के चुनाव आयोग पर लगाए गए आरोपों पर आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष और सांसद चंद्रशेखर आज़ाद ने कहा कि वोट एक हथियार है, जिससे आप जिस सरकार से खुश नहीं हैं, उसे बदल सकते हैं और यह हथियार संविधान ने जनता के हाथ में दिया है। कल मैंने भी राहुल गांधी की प्रेस वार्ता देखी थी। एक ही व्यक्ति के कई जगह वोट हैं, यह एक बहुत बड़ा सवाल अंकित करता है। चुनाव आयोग को इसका उचित जवाब देना चाहिए। JMM सांसद महुआ माजी ने कहा कि अगर राहुल गांधी झूठ बोल रहे हैं तो इसे आप साबित करिए कि झूठ बोल रहे हैं। उन्होंने पूरे देश के सामने प्रेजेंटेशन दिया। वे तथ्य बोलते हैं। उन्होंने बताया कि ये चुनाव आयोग के दस्तावेज हैं। देश के सभी बड़े नेताओं के सामने उन्होंने दस्तावेज दिखाए। केंद्र सरकार को अगर ऐसा लगता है कि वे झूठ बोल रहे हैं तो उसे साबित करें।

यह भी पढ़ें:- चुनाव आयोग ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी से मांगा हलफनामा, प्रियंका गांधी ने कहा- इसके नतीजे भुगतने होंगे

इस पर भाजपा सांसद रवि किशन ने कहा कि ये इतिहास उठा लें। पहले के कई प्रमाण हैं जब पूरे बूथ की पेटी लूट ली जाती थी। पहले उसका जवाब दें। ये जहां-जहां जीते हैं वहां नहीं बोले। ये समझ नहीं आ रहा है कि जहां आप हारते हैं उस पर छाती पीटने लगते हैं। उसका ठीकरा आप भाजपा और चुनाव आयोग पर फोड़ना चाहते हैं। ये बहुत दुखद है। केंद्रीय मंत्री एस.पी. सिंह बघेल ने कहा कि संविधान ने चुनाव आयोग को कुछ शक्तियां दी हैं। वे उन्हीं का उपयोग कर रहे हैं। एक भी चुनाव आयुक्त ऐसा नहीं है जो अपने अधिकारों से ऊपर जा सके। स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव के लिए हर राज्य के चुनाव से पहले मतदाता पुनरीक्षण होती है। 2 प्रकार के फॉर्म होते हैं। केंद्रीय मंत्री जुएल ओरम ने कहा कि यह सब राजनीति से प्रेरित है और यह सही नहीं है। (BJP MP Ravi Kishan)

भाजपा सांसद राजीव प्रताप ने किया पलटवार

भाजपा सांसद राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि मुझे समझ नहीं आता, कभी वो फर्जी वोटरों की बात करते हैं, कभी वोटरों के नाम हटाने की शिकायत करते हैं। वो क्या चाहते हैं ? चुनाव आयोग ने 1 अगस्त को नोटिस जारी किया है। उन्हें जाकर चुनाव आयोग को उन वोटरों के बारे में बताना चाहिए जिनके नाम सूची से बाहर रह गए हैं। भाजपा सांसद मनन कुमार मिश्रा ने कहा कि राहुल गांधी बहुत दिनों से बहुत बड़ी-बड़ी बात कर रहे थे। ऐसा लग रहा था कि कुछ ऐसा सामने लाएंगे कि देश में बड़ा हंगामा हो जाएगा। उन्होंने कर्नाटक के एक विधानसभा क्षेत्र के बारे में बताया कि कुछ वोटर ID कार्ड में पता गलत है, कुछ में एक ही पते से 4-5 नाम हैं। पूरा देश अब इस बात को समझ रहा होगा कि चुनाव आयोग ने SIR का जो कदम उठाया है, वो कितना आवश्यक था। वो रोज संसद का बहिष्कार करवा रहे हैं, रोज यहां का कार्य बाधित हो रहा है। (BJP MP Ravi Kishan)

Back to top button
error: Content is protected !!