छत्तीसगढ़ में हाईकोर्ट और जिला न्यायालयों को फिर बम से उड़ाने की धमकी, न्यायपालिका को चुनौती

Bomb Threat in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ की न्यायपालिका को फिर धमकी मिली है। दरअसल, बिलासपुर हाईकोर्ट और बालोद-बेमेतरा जिला न्यायालयों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिसके बाद सुरक्षा कारणों से सभी कोर्ट को तुरंत बंद कर दिया गया। कोर्ट परिसर खाली कराया गया और पुलिस, बम निरोधक दस्ते ने डॉग स्क्वायड के साथ तलाशी ली, लेकिन कोई भी संदिग्ध सामान नहीं मिला। हालांकि प्रशासन और साइबर टीम पूरी सतर्कता के साथ जांच में जुटी है, ताकि धमकी के पीछे की साजिश का खुलासा किया जा सके।
यह भी पढ़ें:- अफीम की खेती को लेकर विधानसभा में जमकर हंगामा, गर्भगृह में घुसकर नारेबाजी करने पर 29 विपक्षी विधायक निलंबित
छत्तीसगढ़ न्यायधानी बिलासपुर में हाईकोर्ट को फिर बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला। सूचना मिलते ही पूरे कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा के मद्देनजर कोर्ट में सुनवाई तत्काल प्रभाव से रोक दी गई। पुलिस ने तुरंत सक्रिय होकर डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया। पूरे परिसर की गहन तलाशी शुरू कर दी गई। यह मामला पिछले कुछ दिनों में दूसरी बड़ी धमकी है। 25 फरवरी को भी इसी तरह का ईमेल आया था, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी। सोमवार सुबह लगभग 10 बजे बालोद जिला और सत्र न्यायालय के मेल पर भी धमकी भरा संदेश आया।
न्यायाधीश के चेंबर को निशाना बनाने की धमकी
ईमेल में कोर्ट परिसर और मुख्य न्यायाधीश के चेंबर को निशाना बनाने की धमकी दी गई। इसके बाद प्रशासन ने तत्काल कोर्ट परिसर को खाली कराकर इलाके को चारों तरफ से सील कर दिया। बम निरोधक दस्ते, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम ने लगभग 4 घंटे तक परिसर की जांच की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर ने बताया कि मेल की जांच जारी है। प्रारंभिक जांच में यह पता चला कि धमकी भरा ईमेल sourav_biswas@hotmail.com से भेजा गया। (Bomb Threat in Chhattisgarh)
बेमेतरा जिला कोर्ट को भी मिली धमकी
बालोद के बाद बेमेतरा जिला न्यायालय को भी बम धमकी ईमेल मिली। प्रशासन ने परिसर को खाली कराया और बम निरोधक दस्ते ने डॉग स्क्वायड के साथ जांच की। साइबर टीम ईमेल भेजने वाले का पता लगाने में जुटी है। सभी प्रभावित इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को सख्त कर दिया गया है। एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपात सेवाएं मौके पर तैनात की गई। हालांकि सभी न्यायालय परिसर और आसपास के क्षेत्र पूरी तरह सुरक्षित हैं। पुलिस और साइबर टीम सख्ती से ईमेल भेजने वाले तक पहुंचने और उसकी वास्तविकता का पता लगाने में लगी हुई है। (Bomb Threat in Chhattisgarh)



