Cabinet Minister Laxmi Rajwade: छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना के लिए निकाय चुनाव के बाद दोबारा आवेदन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसकी जानकारी महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने दी है। उन्होंने कहा कि ऐसी महिलाएं जो किसी कारणवश महतारी वंदन योजना के पात्र हितग्राहियों की सूची में नहीं आ सकी थीं, नगरीय निकाय चुनावों के बाद ऐसी महिलाओं को योजना का लाभ देने के लिए दोबारा आवेदन प्रक्रिया शुरू की जाएगी। बता दें कि महतारी वंदन योजना मार्च 2024 में PM नरेंद्र मोदी ने शुरू की थी। इस योजना के अंतर्गत पात्र महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपए दिए जाते हैं।
यह भी पढ़ें:- धान खरीदी को लेकर मंत्रिमंडलीय उप समिति की हुई बैठक, 4 मंत्रियों ने किया मंथन
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार माताओं-बहनों को सामाजिक, आर्थिक रूप से सशक्त करने के साथ ही उनके मान-सम्मान को बढ़ावा देने का काम पूरी ईमानदारी से कर रही है, जिसके चलते महिलाओं में एक नया आत्म विश्वास जगा है। महिलाओं को आर्थिक मदद देने के लिए संचालित महतारी वंदन योजना के चलते राज्य की 70 लाख महिलाओं को अब अपनी छोटी-मोटी जरूरतों को पूरा करने के लिए किसी तरह की दिक्कत नहीं रही है। इस योजना के तहत महिलाओं के बैंक खाते में राज्य सरकार की ओर से हर महीने एक हजार रुपए की राशि पहुंच रही है। (Cabinet Minister Laxmi Rajwade)
महिलाओं के विकास से ही समाज का विकास संभव
महिलाओं के विकास से ही समाज का विकास संभव है। छत्तीसगढ़ की महिलाएं भी अपने प्रदेश के चहुंमुखी और तेज विकास में पुरूषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी हुई है। घर-परिवार की देखभाल में तो महिलाएं अव्वल हैं ही,आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, पर्यवेक्षक, महिला समूह समेत कई रूपों में महिलाएं राज्य के भविष्य नन्हें-मुन्हें बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण की देखभाल के साथ उन्हें प्रारंभिक शिक्षा प्रदान करने का काम कर रही है। मुख्यमंत्री साय ने हमेशा राज्य के विकास में महिलाओं की भूमिका की सराहना की है। वे महिलाओं की शिक्षा और सशक्तिकरण के पक्षधर हैं। उन्होंने महिलाओं की काबिलियत को समझा और उन्हें हर क्षेत्र में आगे आने का मौका दिया है। (Cabinet Minister Laxmi Rajwade)