Google Analytics —— Meta Pixel

कार की टंकी 42 लीटर, मशीन में 48 लीटर पेट्रोल! पंप पर मचा विवाद, पुलिस ने शुरू की जांच

सारंगढ़-बिलाईगढ़। गुडेली क्षेत्र स्थित डीसी पेट्रोल पंप में पेट्रोल भरवाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। बंजारी निवासी एक ग्राहक ने आरोप लगाया कि उसकी कार की फ्यूल टैंक क्षमता से अधिक पेट्रोल मशीन में दर्ज हुआ है। मामले की सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले जाकर जांच शुरू की गई।

मशीन की रीडिंग को लेकर ग्राहक ने जताई आपत्ति

जानकारी के मुताबिक, बंजारी निवासी अनुपम खूंटे अपनी Mahindra XUV 3XO से गुडेली स्थित डीसी पेट्रोल पंप पहुंचे थे। पेट्रोल भरवाने के बाद मशीन की रीडिंग और बिल में दर्ज मात्रा को देखकर उन्होंने पंप कर्मचारियों से सवाल किया।

अनुपम खूंटे का कहना है कि उनकी Mahindra XUV 3XO की फ्यूल टैंक क्षमता करीब 42 लीटर है। इसके बावजूद पेट्रोल पंप की मशीन में 48 लीटर से अधिक पेट्रोल डाले जाने की रीडिंग दिखाई गई। बिल में दर्ज मात्रा भी वाहन की बताई गई टैंक क्षमता से करीब सात लीटर अधिक थी।

मशीन की रीडिंग और वाहन की टैंक क्षमता में अंतर देखकर ग्राहक ने पंप कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा और आपत्ति जताई। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते पेट्रोल पंप परिसर में गहमागहमी की स्थिति बन गई।

डायल-112 की टीम पहुंची, दोनों पक्ष थाने गए

विवाद की सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम पेट्रोल पंप पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद ग्राहक और पेट्रोल पंप प्रबंधन, दोनों पक्षों को थाने ले जाया गया। पुलिस शिकायत और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

पंप प्रबंधन ने मशीन में गड़बड़ी से किया इनकार

वहीं, पेट्रोल पंप प्रबंधन ने मशीन में किसी तरह की गड़बड़ी होने से इनकार किया है। प्रबंधन का कहना है कि पंप पर लगी मशीनें निर्धारित मानकों के अनुसार संचालित हो रही हैं। मशीन की रीडिंग और वाहन की टैंक क्षमता में अंतर किस वजह से आया, यह तकनीकी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

तकनीकी जांच की मांग

ग्राहक अनुपम खूंटे ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने पेट्रोल पंप की मशीन की तकनीकी जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि परीक्षण के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि वाहन की टैंक क्षमता और मशीन में दर्ज पेट्रोल की मात्रा में इतना अंतर कैसे आया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने भी पेट्रोल पंप की मशीनों की तकनीकी जांच कराने की मांग उठाई है। लोगों ने नापतौल विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मामले में उचित कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल नापतौल विभाग के अधिकारी उपलब्ध नहीं होने के कारण पुलिस मामले की जांच कर रही है। मशीन के तकनीकी परीक्षण और जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मशीन में 48 लीटर से अधिक पेट्रोल की रीडिंग दर्ज होने के पीछे वास्तविक कारण क्या था।

Back to top button
error: Content is protected !!