SCO में भारत का बढ़ा कद! लुकाशेंको ने चीन और रूस के साथ भारत को बताया ताकतवर
SCO Summit : शंघाई सहयोग संगठन (SCO) समिट के दौरान बेलारूस के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको ने दुनिया के प्रभावशाली देशों का जिक्र करते हुए भारत, चीन और रूस का नाम लिया। उन्होंने इन देशों को आर्थिक रूप से मजबूत, संसाधनों से संपन्न और परमाणु शक्ति से लैस बताया। खास बात यह रही कि यह टिप्पणी पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की मौजूदगी में की गई।
भारत, चीन और रूस को बताया ताकतवर
बिश्केक में आयोजित SCO सम्मेलन के दौरान अलेक्जेंडर लुकाशेंको ने कहा कि संगठन के सदस्य देश भले ही समान रूप से भागीदारी रखते हों, लेकिन तीन देश विशेष रूप से ताकतवर हैं। उन्होंने पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना, भारत और रूसी संघ का नाम लेते हुए उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत और संसाधनों से संपन्न परमाणु शक्ति वाले देश बताया। (SCO Summit)
लुकाशेंको की इस टिप्पणी को अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की बढ़ती आर्थिक और रणनीतिक भूमिका के संदर्भ में देखा जा रहा है। भारत लंबे समय से SCO का प्रमुख सदस्य है और रूस तथा चीन के साथ इस संगठन में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
पाकिस्तान का नाम शामिल नहीं
बेलारूस के राष्ट्रपति ने जिन तीन देशों का उल्लेख किया, उनमें पाकिस्तान का नाम नहीं था। यह बयान ऐसे समय में सामने आया जब पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ भी सम्मेलन में मौजूद थे। हालांकि, लुकाशेंको का बयान किसी औपचारिक रैंकिंग या आधिकारिक सूची के तौर पर पेश नहीं किया गया था, बल्कि उन्होंने चर्चा के दौरान इन तीन देशों की ताकत का उल्लेख किया।
SCO समिट में कई देशों के नेता हुए शामिल
SCO सम्मेलन की अध्यक्षता वर्तमान अध्यक्ष देश किर्गिस्तान के राष्ट्रपति सादिर जापारोव ने की। सम्मेलन में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बेलारूस के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन, कजाखस्तान के राष्ट्रपति कासिम-जोमार्ट टोकायेव, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन, ताजिकिस्तान के राष्ट्रपति इमोमाली रहमोन और उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शवकत मिर्जियोयेव समेत कई देशों के नेता शामिल हुए।
इसके अलावा मंगोलिया, अजरबैजान, आर्मेनिया, मिस्र, लाओस, तुर्की और वियतनाम समेत अन्य देशों के प्रतिनिधियों तथा संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस सहित अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी सम्मेलन में भाग लिया। (SCO Summit)
यह भी पढ़े :- खपरगंज हिंसा: मास्टरमाइंड समेत 4 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में



