छत्तीसगढ़ बॉर्डर पर दो स्कॉर्पियो से 6 करोड़ 60 लाख कैश बरामद, जांच जारी

Cash Recover in Durg: दुर्ग के कुम्हारी बॉर्डर पर पुलिस ने दो स्कॉर्पियो से भारी मात्रा में नगदी बरामद की है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक जब्त की गई राशि कुल 6 करोड़ 60 लाख बताई जा रही है। दरअसल, दुर्ग और रायपुर के बॉर्डर एरिया कुम्हारी टोल नाके के पास पुलिस को सूचना मिली थी कि महाराष्ट्र पासिंग दो स्कॉर्पियो वाहन संदिग्ध रूप से रायपुर की ओर बढ़ रहे हैं। सूचना मिलते ही कुम्हारी थाना पुलिस ने सख्त चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस ने दोनों स्कॉर्पियो वाहनों को रोककर तलाशी ली। इस दौरान दोनों गाड़ियों से कुल 6 करोड़ 60 लाख नगद बरामद किए गए।
यह भी पढ़ें:- Chhattisgarh Crimes News : इंस्टाग्राम पर “किन्नर गुरुमाता” के नाम पर ठगी: छात्र से 10 दिन में ऐंठे 1.59 लाख रुपये
गाड़ियों में चार युवक सवार थे, जो कि महाराष्ट्र पासिंग गाड़ियों में रायपुर की ओर जा रहे थे। नगदी मिलने के बाद दोनों वाहनों को पुलिस ने तत्काल कब्जे में ले लिया है। चारों व्यक्तियों से पूछताछ जारी है। दुर्ग पुलिस ने आयकर विभाग को सूचना दे दी है, जिसके बाद आगे की जांच अब आयकर अधिकारियों की देखरेख में होगी। इतनी बड़ी मात्रा में कैश मिलने के बाद इस बात की जांच की जा रही है कि यह पैसा कहां से आया और इसका क्या उपयोग होना था। (Cash Recover in Durg)

9 सितंबर 2025 को खैरागढ़ में चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक वाहन से 7 करोड़ मूल्य के सोने की बरामदगी की। हालांकि कुछ ही समय बाद पता चला कि ड्यूटी पर तैनात तीन पुलिसकर्मियों ने इस वाहन को अवैध रूप से छोड़ा था और कथित रूप से कमीशन लिया था। इसकी जानकारी जैसे ही वरिष्ठ अधिकारियों को मिली, तीनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया और विभागीय जांच शुरू कर दी गई। इस घटना ने पूरे पुलिस विभाग में हलचल मचा दी। वहीं 3 अप्रैल 2025 को कवर्धा जिले में कोतवाली पुलिस ने रायपुर-जबलपुर नेशनल हाईवे-30 पर चेकिंग के दौरान एक कार से 8.40 लाख नकद और 3 करोड़ मूल्य के सोने के आभूषण जब्त किए। वाहन में दो व्यक्ति सवार थे, जो सोने और नकद को लेकर जा रहे थे, लेकिन उनके पास दस्तावेजों की स्पष्टता नहीं थी। (Cash Recover in Durg)
दुर्ग में 1 करोड़ नकद जब्त
21 जनवरी 2025 को दुर्ग जिले की अंजोरा चौकी क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक बड़ी नकदी जब्त की। दरअसल, पुलिस राजनांदगांव से दुर्ग की ओर आने वाले सभी वाहनों की जांच कर रही थी। इस बीच एक कार को रोका गया, जिसमें जांच के दौरान पांच-पांच सौ रुपये के नोटों के बंडल बरामद हुए। कार में 1 करोड़ नकद पाए जाने पर पुलिस ने वाहन और नकदी को जब्त कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि कार नागपुर से दुर्ग की ओर जा रही थी और कार चालक ट्रैक्टर शोरूम का संचालक है। कार में बैठे व्यक्ति वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, इसलिए पूरी राशि को आयकर विभाग की टीम के हवाले कर दिया गया है।
कार से 4.5 करोड़ नकद बरामद
12 मार्च 2025 को रायपुर में पुलिस ने आमनाका क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक सफेद इनोवा कार से 4.5 करोड़ नकद राशि बरामद की गई। यह नकदी कार में विशेष रूप से बनाए गए एक छिपे हुए खुफिया कंपार्टमेंट में छिपाकर रखी गई थी। पुलिस ने मौके से दो लोगों को गिरफ्तार किया, जिनमें कार चालक भी शामिल है। जब्त की गई नकदी के संबंध में आरोपियों ने कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया और नकदी के बारे में जानकारी होने से इनकार कर दिया। पुलिस को पहले से गुप्त सूचना मिली थी कि रायपुर से मुंबई जा रही इस कार में हवाला से जुड़ी भारी मात्रा में नकदी ले जाई जा रही है। इसी सूचना के आधार पर आमनाका में चेकिंग पॉइंट लगाया गया था। जांच में यह सामने आया है कि पकड़ी गई रकम नागपुर के पास किसी अन्य वाहन में शिफ्ट की जानी थी।



