Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में निवेश और ऑनलाइन जॉब के नाम पर करोड़ों की ठगी, सावधान रहें, सतर्क रहें

Fraud in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ के दुर्ग, जगदलपुर और बिलासपुर से एक के बाद एक ठगी के बड़े मामले सामने आए हैं, जहां लोगों को शेयर ट्रेडिंग, फिक्स डिपॉजिट और ऑनलाइन जॉब के नाम पर करोड़ों की चपत लगाई गई। दुर्ग में शेयर ट्रेडिंग के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने मामले में कोरबा के स्नेहांशु नामदेव और उनकी पत्नी डॉली नामदेव को गिरफ्तार किया है। दोनों को स्मृति नगर चौकी में दर्ज 50 लाख रुपए की ठगी के केस में पकड़ा गया है। पुलिस के मुताबिक 25 से ज्यादा निवेशकों ने लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि स्नेहांशु, डॉली और एक अन्य महिला निशा मानिकपुरी ने मिलकर भिलाई के सूर्या मॉल में एक दफ्तर खोलकर निवेशकों को शेयर ट्रेडिंग में बड़ा रिटर्न देने का झांसा दिया। निवेशकों से लाखों की राशि ली गई, लेकिन लंबे समय बाद भी कोई रिटर्न न मिलने पर सभी को ठगी का शक हुआ।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ बॉर्डर पर दो स्कॉर्पियो से 6 करोड़ 60 लाख कैश बरामद, जांच जारी

शिकायत के बाद पुलिस ने तेजी दिखाते हुए तीनों आरोपियों को कोरबा से हिरासत में लिया, जिनसे फिलहाल पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में और भी खुलासे हो सकते हैं। जगदलपुर से भी धोखाधड़ी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां आरोपी ने फर्जी डिजिटल फिक्स्ड डिपॉजिट बॉन्ड और एफडी सर्टिफिकेट बनाकर निवेशकों से लाखों की ठगी की। आरोपी की पहचान ओडिशा के कोरापुट के रहने वाले आशीष कुमार रथ के रूप में हुई है, जिसे कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने SOUL ARTS OF FINANCE COMPANY PVT. LTD. के नाम से शहर के एक मॉल में ऑफिस खोलकर लोगों को अपने झांसे में फंसाया। (Fraud in Chhattisgarh)

आरोपी ने इनसे की ठगी

आरोपी ने आनंद शुक्ला से 10.20 लाख रुपए, डॉ. सैयद मोईनुल हक से 20 लाख रुपए और संगीता कौर से 2.5 लाख रुपए की ठगी की। जब पीड़ितों ने इन दस्तावेजों को बैंक में वेरिफाई किया तो उन्हें जालसाजी का पता चला। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। बिलासपुर में ऑनलाइन जॉब के नाम पर एक युवती से 1.40 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है, जहां श्रद्धा तिवारी, निवासी शुभम विहार, मंगला को एक टेलीग्राम लिंक के जरिए फंसाया गया। (Fraud in Chhattisgarh)

पार्ट टाइम जॉब के नाम पर ठगी

टेलीग्राम पर ‘राहुल’ नामक युवक ने युवती को होटल-रेस्टोरेंट रिव्यू करने वाली जॉब ऑफर की, जिसमें प्रति रिव्यू 150 रुपए का बोनस देने का वादा किया गया। शुरुआत में उसे कुछ पैसे दिए गए ताकि भरोसा बना रहे, लेकिन बाद में निवेश करने के लिए कहा गया और 1.40 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। श्रद्धा की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, और साइबर सेल के साथ मिलकर जांच की जा रही है। सिविल लाइन CSP निमितेश सिंह ने कहा कि शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। आरोपी जल्द ही गिरफ्त में होंगे। इन मामलों से साफ है कि ऑनलाइन और ऑफलाइन ठगी के तरीके दिन-ब-दिन बढ़ते जा रहे हैं। आम जनता से अपील है कि कोई भी निवेश करने से पहले कंपनी, दस्तावेज और व्यक्ति की पूरी जानकारी लें। ठगी होने की स्थिति में तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या साइबर सेल से संपर्क करें।

Back to top button
error: Content is protected !!