छत्तीसगढ़ में आचार संहिता लागू, कांग्रेस के बचे 5 प्रत्याशियों का ऐलान कब…?

CG Congress Candidates: लोकसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ ही छत्तीसगढ़ में आचार संहिता लागू हो गई है। हालांकि कांग्रेस ने अभी तक 5 लोकसभा सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान नहीं किया है। इसमें बस्तर सीट भी शामिल है, जहां पहले चरण में 19 अप्रैल को वोटिंग होगी। जानकारी के मुताबिक कांग्रेस अपने प्रत्याशियों की अगली सूची 18 से 19 मार्च तक जारी कर सकती है। छत्तीसगढ़ की बची 5 लोकसभा सीटों पर उम्मीदवारों के नामों को लेकर दिल्ली में लगातार बैठकों का दौर जारी है। रायगढ़ एक ऐसी सीट है, जहां प्रत्याशी चयन के लिए सबसे लंबी चर्चा चल रही है। अभी बिलासपुर सीट से भले प्रत्याशी के नाम की घोषणा नहीं हुई है। इसके बावजूद विधायक देवेंद्र यादव की टीम क्षेत्र में सक्रिय हो गई है।

यह भी पढ़ें:- मैं हेडलाइन पर नहीं, बल्कि डेडलाइन पर काम करने वाला व्यक्ति हूं: PM नरेंद्र मोदी

कांग्रेस इलेक्शन में सभी समीकरणों को ध्यान में रखते हुए उम्मीदवार उतारने की तैयारी में है। प्रदेश में OBC वर्ग के तीन बड़े समाज हैं, जिनमें साहू, कुर्मी और यादव शामिल हैं। बीजेपी ने साहू और कुर्मी समाज से प्रत्याशी उतारा है। ऐसे में जातिगत समीकरणों को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस बिलासपुर से यादव समाज का प्रत्याशी उतार सकती है। इनमें विष्णु यादव का नाम तय माना जा रहा है। हालांकि पहले देवेंद्र यादव का नाम आगे आया था। संभावना है कि कांग्रेस की अगली सूची 18-19 मार्च तक आएगी, जिसमें बिलासपुर समेत बाकी बची सीटों के लिए प्रत्याशियों के नाम जारी किए जाएंगे। नाम की घोषणा से पहले ही देवेंद्र यादव की टीम बिलासपुर लोकसभा सीट का दौरा करने लगी है। (CG Congress Candidates)

सरगुजा से महिला उम्मीदवार उतारने की तैयारी

वहीं बस्तर में लोकसभा की सीट के लिए कोंटा विधायक और पूर्व मंत्री कवासी लखमा ने बेटे हरीश लखमा को प्रत्याशी बनाने का दावा किया था, लेकिन बात बनती नहीं दिखाई दी। बस्तर सीट से कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज पिछले चुनाव में जीतकर सांसद बने थे। इस बार भी पार्टी उन पर भरोसा जता सकती है। वहीं बस्तर में कवासी लखमा का सियासी कद बड़ा है। ऐसे में माना जा रहा है कि कवासी को पार्टी नाराज नहीं करेगी, लेकिन टिकट बेटे की जगह उन्हें दिया जा सकता है। सरगुजा लोकसभा से महिला प्रत्याशी शशि सिंह और मधु सिंह का नाम आगे चल रहा है। युवा कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव और जिला पंचायत सदस्य शशि सिंह प्रदेश के आदिवासी नेता और पूर्व मंत्री तुलेश्वर सिंह की बेटी हैं। इन दिनों वे बेहद सक्रिय हैं। (CG Congress Candidates)

BJP ने सभी 11 सीटों पर किए प्रत्याशियों के ऐलान

छत्तीसगढ़ की 11 सीटों में महिला प्रत्याशियों का समीकरण साधने के लिए शशि सिंह या मधु सिंह को प्रत्याशी बनाया जा सकता है। कांग्रेस के लिए सरगुजा ​​​​​इस समय सबसे कमजोर सीट है और शशि सिंह नया चेहरा हैं। हालांकि मधु सिंह की दावेदारी मजबूत मानी जा रही है। कांग्रेस से बीजेपी में शामिल हुए चिंतामणि महाराज यहां से उम्मीदवार हैं। इससे पहले 8 मार्च को कांग्रेस ने अपनी पहली लिस्ट जारी की थी। इनमें 39 सीटों से प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया गया था। वहीं छत्तीसगढ़ की 11 सीटों पर 6 प्रत्याशी घोषित हुए थे। लिस्ट में पूर्व CM भूपेश बघेल समेत 2 पूर्व मंत्री, एक पूर्व विधायक और कोरबा सांसद का नाम शामिल था। बता दें कि BJP ने छत्तीसगढ़ के सभी 11 सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है, लेकिन कांग्रेस ने अभी तक सिर्फ 6 सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं। (CG Congress Candidates)

Related Articles

Back to top button