CG Election 2025: राज्य निर्वाचन आयुक्त ने चुनाव की पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए प्रेक्षकों को दिए निर्देश
नगर पालिका एवं त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2025: राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित

CG Election 2025 : राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह की अध्यक्षता में आज नवा रायपुर, अटल नगर स्थित राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यालय में नगर पालिकाओं एवं त्रिस्तरीय पंचायतों के आम निर्वाचन 2025 (CG Election 2025) की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संपन्न हुई, जिसमें प्रदेश के सभी जिलों के प्रेक्षकों ने भाग लिया। बैठक में चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ : 6 बार को किया गया सीलबंद, दूसरे प्रांत सहित अन्य कमियां मिलने पर हुई कार्यवाही
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि चुनाव लोकतंत्र की नींव है, और इसकी निष्पक्षता व पारदर्शिता बनाए रखना हम सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने प्रेक्षकों को उनके दायित्वों और चुनावी प्रक्रिया के सभी चरणों में सजग रहने की आवश्यकता पर बल दिया। श्री सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रेक्षकों को निर्वाचन से जुड़े सभी प्रावधानों और नियमों की पूरी जानकारी होनी चाहिए और चुनावी प्रक्रिया को शांति और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
प्रेक्षकों को मिले विशेष निर्देश
जिला निर्वाचन अधिकारी या रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा आयोजित बैठकों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें।
मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों या प्रेस से किसी प्रकार का संवाद न करें।
किसी भी शिकायत पर राज्य निर्वाचन आयोग को शीघ्रता से प्रतिवेदन प्रस्तुत करें।
आदर्श आचार संहिता का पालन सुनिश्चित करें और मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं की गहन निगरानी करें।
चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तुरंत रिपोर्ट करें।
मतदान प्रक्रिया का स्वतंत्र और निष्पक्ष संचालन प्राथमिकता
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि मतदाताओं को स्वतंत्र वातावरण में अपने मताधिकार का उपयोग करने का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने प्रेक्षकों को चुनाव प्रक्रिया में शामिल सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ समन्वय स्थापित करने की भी सलाह दी।
इस अवसर पर राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे, उप सचिव डॉ. नेहा कपूर, और सभी जिलों के लिए नियुक्त प्रेक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
यह बैठक चुनावी (CG Election 2025)प्रक्रिया की तैयारी और उसकी निष्पक्षता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।



