Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़: तीन दिवसीय आध्यात्मिक सत्संग का प्रथम सत्र संपन्न, 56वें स्थापना महोत्सव पर हुआ विशेष आयोजन

Chhattisgarh : कबीर आश्रम निर्मल ज्ञान मंदिर, नेहरू नगर, भिलाई में 56वें स्थापना महोत्सव के उपलक्ष्य में तीन दिवसीय आध्यात्मिक सत्संग महायज्ञ का शुभारंभ हुआ। दिनांक 24, 25 और 26 जनवरी 2025 तक चलने वाले इस महायज्ञ के प्रथम दिवस का सत्र आज संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh ) के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

यह भी पढ़े :- CG Election 2025: राज्य निर्वाचन आयुक्त ने चुनाव की पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए प्रेक्षकों को दिए निर्देश

बघेल ने अपने संबोधन में कहा कि संत कबीर की शिक्षाएं आज भी मानव जीवन को सही दिशा दिखाने और उसे सार्थक बनाने के लिए प्रासंगिक हैं। उन्होंने कबीर के विचारों और आदर्शों को आत्मसात करने पर बल दिया।

संत मंडली का आध्यात्मिक मार्गदर्शन

इस आयोजन में पूज्य संत श्री निष्ठा साहेब जी और संत मंडली, जो संत कबीर आध्यात्मिक संस्थान, विशाल नगर, बाराबंकी (उत्तर प्रदेश) से पधारे थे, ने भक्त समाज को प्रेरणादायक उद्बोधन दिया। उन्होंने कबीर जी के पदचिह्नों पर चलकर राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देने का आह्वान किया। नेपाल से पधारे संत प्रांजल साहेब, दिनेंद्र साहेब, हरेंद्र साहेब, और शुभ साहेब ने भी अपने गरिमामय विचार प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम की रूपरेखा

प्रतिदिन दो सत्रों में विभाजित इस सत्संग कार्यक्रम का पहला सत्र मंगलाचरण, भजन सत्संग और संतों के उद्बोधन के साथ आरंभ हुआ। द्वितीय सत्र में गुरु वंदना, आध्यात्मिक प्रवचन और भजन सत्संग का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में अंचल के धार्मिक और आध्यात्मिक रुचि रखने वाले सैकड़ों भक्तजन शामिल हुए।

संस्था की अपील और योगदान

कबीर आश्रम के ट्रस्टी, प्रबंधन समिति, युवा प्रकोष्ठ और महिला प्रकोष्ठ के सदस्यों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय योगदान दिया। उन्होंने अधिक से अधिक भक्तजनों से इस आध्यात्मिक सत्संग में भाग लेने और संत कबीर जी की वाणी का श्रवण लाभ प्राप्त करने की अपील की।

इस कार्यक्रम में कबीर आश्रम की साध्वी जन और अन्य प्रमुख गणमान्य व्यक्तियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम का द्वितीय दिवस 25 जनवरी 2025 को आयोजित होगा। आयोजकों ने भक्तजनों से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आग्रह किया है। (Chhattisgarh )

Back to top button
error: Content is protected !!