Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में टूटा धान खरीदी का रिकॉर्ड, 145 लाख मीट्रिक टन के पार हुआ आंकड़ा 

CG Paddy Purchase Record: छत्तीसगढ़ में 14 नवंबर से शुरू हुए धान खरीदी का सिलसिला जारी है। इस बीच प्रदेश में धान खरीदी के मामले में पिछले साल का रिकॉर्ड टूट गया है। पिछले साल 144.92 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई थी। इस साल 24 जनवरी तक हुई धान खरीदी का आंकड़ा 145 लाख मीट्रिक टन से पार हो गया है। खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश के 25 लाख 13 हजार किसान धान बेच चुके हैं। धान खरीदी के एवज में बैंक लिकिंग व्यवस्था के तहत अभी तक किसानों को 29 हजार 599 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया है। धान खरीदी 31 जनवरी 2025 तक चलेगी।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़: तीन दिवसीय आध्यात्मिक सत्संग का प्रथम सत्र संपन्न, 56वें स्थापना महोत्सव पर हुआ विशेष आयोजन

बता दें कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में प्रदेश के किसानों से सुगमता पूर्वक धान की खरीदी की जा रही है। वहीं वरिष्ठ अधिकारी धान खरीदी व्यवस्था की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। धान खरीदी के साथ-साथ कस्टम मीलिंग के लिए तेजी के साथ धान का उठाव किया जा रहा है। अभी तक 110 लाख मीट्रिक टन धान के उठाव के लिए डीओ और टीओ जारी कर दिया गया है, जिसके एवज में 87 लाख मीट्रिक टन से ज्यादा धान का उठाव हो चुका है। छत्तीसगढ़ के सभी पंजीकृत किसानों को खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में धान बेचने के लिए टोकन की सुविधा ऑनलाइन एप (टोकन तुंहर हाथ) और उपार्जन केंद्र में 25 जनवरी 2025 तक के लिए उपलब्ध कराया गया है।

160 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी का अनुमान

किसान सुविधा अनुसार तिथि का चयन कर नियमानुसार धान विक्रय कर सकते हैं। खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस खरीफ वर्ष के लिए 27 लाख 78 हजार किसानों ने पंजीयन कराया है। इसमें 1 लाख 59 हजार नए किसान शामिल है। इस साल 2 हजार 739 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से 160 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी अनुमानित है। राज्य सरकार की ओर से समर्थन मूल्य में 24 जनवरी को 30 हजार 762 किसानों से 1 लाख 41 हजार मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है। इसके लिए 58 हजार 997 टोकन जारी किए गए थे। (CG Paddy Purchase Record)

Back to top button
error: Content is protected !!