CG Paddy Purchase Record: छत्तीसगढ़ में किसानों से 96 दिनों से समर्थन मूल्य पर जारी धान खरीदी का सिलसिला थम गया है। कल शाम 7 बजे तक की रिपोर्ट के मुताबिक समर्थन मूल्य पर 144.92 लाख मीट्रिक टन धान की रिकॉर्ड खरीदी हुई है। उपार्जित धान की यह मात्रा बीते खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 में खरीदे गए 107.53 लाख मीट्रिक टन से 37.39 लाख मीट्रिक टन ज्यादा है। राज्य में इस साल धान खरीदी का यह नया रिकॉर्ड कायम हुआ है। जबकि अभी अंतिम रिपोर्ट आना बाकी है। बता दें कि राज्य में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का सिलसिला 01 नवंबर 2023 से शुरू हुआ था। चालू खरीफ विपणन वर्ष में धान खरीदी की अंतिम तारीख 31 जनवरी निर्धारित थी।
यह भी पढ़ें:- अनियंत्रित होकर नाले में गिरी कार, हादसे में 6 लोगों की मौत
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किसानों की मांग और उनकी परेशानियों को देखते हुए धान खरीदी की अवधि 31 जनवरी से बढ़ाकर 4 फरवरी कर दी थी। इसका फायदा राज्य के ऐसे किसानों को मिला है, जो 31 जनवरी तक किसी कारणों से अपना धान नहीं बेच पाए थे। मुख्यमंत्री के इस फैसले से 19 हजार से ज्यादा किसान लाभान्वित हुए हैं और उन्होंने एक फरवरी से लेकर 4 फरवरी के मध्य समर्थन मूल्य पर 2.69 लाख टन धान बेचा है। अंतिम रिपोर्ट आने पर किसानों की संख्या और उनके द्वारा बेचे गए धान की मात्रा में और बढ़ोतरी होने की संभावना है। राज्य में चालू खरीफ विपणन वर्ष में 130 लाख टन धान का उपार्जन अनुमानित था। धान की रिकॉर्ड खरीदी के चलते अनुमानित उपार्जन का आंकड़ा काफी पीछे छूट गया है। इस साल धान बेचने के लिए राज्य के 26.85 लाख किसानों ने अपना पंजीयन कराया था। (CG Paddy Purchase Record)
एकमुश्त दी जाएगी अंतर की राशि: CM साय
पंजीकृत धान का रकबा 33.51 लाख हेक्टेयर था। 4 फरवरी शाम सात बजे तक राज्य में 24 लाख 72 हजार 310 किसान समर्थन मूल्य पर 144 लाख 92 हजार टन धान बेच चुके थे। किसानों को धान बेचने के एवज में अब तक 30 हजार 68 करोड़ 81 लाख रूपए का भुगतान किया जा चुका है। राज्य में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की व्यवस्था के समानांतर कस्टम मिलिंग का काम भी तेजी से जारी है। उपार्जित धान 144.92 लाख टन में से 105.18 लाख टन धान के उठाव का डीओ जारी किया जा चुका है, जिसके विरूद्ध मिलर्स द्वारा 97.90 लाख टन धान का उठाव किया जा चुका है। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि धान खरीदी 3100 रुपए के दर से ही की गई है। अंतर की राशि जल्द किसानों को एकमुश्त जारी कर दी जाएगी। (CG Paddy Purchase Record)