देशभर में 1 अक्टूबर 2025 से हुए ये 5 बड़े बदलाव, आप पर भी पड़ेगा इसका असर

Change From 1st October: महीने का पहला दिन यानी 1 अक्टूबर अपने साथ 5 बदलाव लेकर आई है, जिनका सीधा असर लोगों की जेब और रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ेगा। रेलवे टिकट बुकिंग से लेकर UPI पेमेंट सिस्टम, कॉमर्शियल गैस सिलेंडर, इंडिया पोस्ट और नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) तक में बदलाव लागू किए गए हैं। बता दें कि 19 किलो वाले कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में 16.50 रुपए का इजाफा किया गया है। दिल्ली में इसकी कीमत 15.50 बढ़कर 1595.50 हो गई है।
यह भी पढ़ें:- LPG Price 1 October : दशहरा से पहले महंगाई का झटका: कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर महंगा
वहीं कोलकाता में 16.50 की बढ़ोतरी के बाद अब यह 1700.50 में मिलेगा। मुंबई में कीमत 15.50 बढ़कर 1547 और चेन्नई में 16.50 बढ़कर 1754.50 हो गई है। यह बढ़ोतरी मुख्य रूप से रेस्टोरेंट, होटल और कमर्शियल बिजनेस पर असर डालेगी, क्योंकि घरेलू सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया है। यह दिल्ली में 853, मुंबई में 852.50 और रायपुर में 924 रुपए का मिल रहा है। भारतीय रेलवे ने टिकट बुकिंग सिस्टम में बड़ा बदलाव किया है।
जनरल रिजर्वेशन टिकट बुकिंग सिस्टम
अब IRCTC की वेबसाइट और मोबाइल ऐप पर जनरल रिजर्वेशन टिकट बुक करने के लिए पहले 15 मिनट तक आधार वेरिफिकेशन अनिवार्य होगा। 15 मिनट के बाद बिना आधार वेरिफिकेशन के भी टिकट बुक किए जा सकेंगे। रेलवे का कहना है कि यह कदम टिकटों की कालाबजारी रोकने और आम यात्रियों को सही समय पर टिकट उपलब्ध कराने के लिए उठाया गया है। लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि टिकट खुलते ही दलाल उन्हें ब्लॉक कर लेते हैं और बाद में ऊंचे दाम पर बेचते हैं। आधार वेरिफिकेशन से अब ऐसी गड़बड़ियों पर रोक लगने की उम्मीद है। (Change From 1st October)
UPI में P2P कलेक्ट रिक्वेस्ट बंद
डिजिटल पेमेंट सिस्टम में भी बड़ा बदलाव हुआ है। NPCI (नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया) ने 1 अक्टूबर से UPI में पीयर-टु-पीयर (P2P) कलेक्ट रिक्वेस्ट को बंद कर दिया है। अब कोई भी यूजर किसी दूसरे को UPI पर पैसे मांगने की रिक्वेस्ट नहीं भेज पाएगा। हालांकि मर्चेंट्स यानी ऑनलाइन शॉपिंग वेबसाइट्स, फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म और रेलवे बुकिंग जैसी सेवाओं में यह फीचर जारी रहेगा। NPCI के मुताबिक, कई यूजर्स इस फीचर का गलत इस्तेमाल कर रहे थे। वे फर्जी रिक्वेस्ट भेजकर लोगों को गलती से पैसे ट्रांसफर करने के लिए मजबूर करते थे। इस बदलाव से ऑनलाइन फ्रॉड और धोखाधड़ी में कमी आने की संभावना है।
इंडिया पोस्ट की स्पीड पोस्ट महंगी
इंडिया पोस्ट ने आज से स्पीड पोस्ट सर्विस में बदलाव कर दिया है। अब डिलीवरी की सुरक्षा और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए OTP आधारित कन्फर्मेशन सिस्टम लागू किया गया है। इसके लिए प्रति सामान पर ₹5 अतिरिक्त शुल्क + GST देना होगा। हर डिलीवरी का रियल-टाइम स्टेटस SMS के जरिए ग्राहक को मिलेगा। साथ ही स्टूडेंट्स को 10% और बल्क कस्टमर्स को 5% की छूट दी जाएगी। पोस्टल विभाग का कहना है कि इस बदलाव से लॉजिस्टिक्स सेक्टर में पारदर्शिता और विश्वास बढ़ेगा, हालांकि आम लोगों को इसके लिए कुछ ज्यादा खर्च करना पड़ेगा। (Change From 1st October)
NPS के निवेश नियमों में बड़ा बदलाव
नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) में भी आज से बड़ा बदलाव लागू हो गया है। अब नॉन-गवर्नमेंट सब्सक्राइबर्स अपनी पूरी रकम (100%) शेयर बाजार यानी इक्विटी में निवेश कर सकेंगे। पहले यह सीमा 75% तक ही तय थी। यह सुविधा उन निवेशकों के लिए खास होगी जो ज्यादा रिटर्न पाने के लिए जोखिम उठाने को तैयार हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि इस फैसले से लंबे समय में रिटायरमेंट फंड और मजबूत होगा। हालांकि इक्विटी निवेश में उतार-चढ़ाव का जोखिम भी ज्यादा होता है। आज से लागू हुए ये 5 बड़े बदलाव आम जनता की जेब, यात्रा और निवेश पर सीधा असर डालेंगे। रेलवे यात्रियों को टिकट बुकिंग में राहत मिलेगी।
पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं
UPI यूजर्स को धोखाधड़ी से सुरक्षा मिलेगी, रेस्तरां और व्यवसायों पर गैस सिलेंडर महंगा होने का बोझ पड़ेगा, इंडिया पोस्ट की सेवाएं सुरक्षित, लेकिन थोड़ी महंगी होंगी और NPS निवेशकों को लंबी अवधि में बड़ा फायदा मिलने की संभावना है। इधर, 1 अक्टूबर को पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। फिलहाल दिल्ली में पेट्रोल 94.72 रुपए लीटर है तो डीजल 87.62 रुपए लीटर के हिसाब से बिक रहा है। वहीं मुंबई में पेट्रोल 103.44 रुपए और डीजल 89.97 रुपए प्रति लीटर मिल रहा है। रायपुर में पेट्रोल 100.39 रुपए लीटर तो डीजल 93.33 रुपए लीटर के हिसाब से बिक रहा है। बता दें कि हर महीने के पहले दिन कोई न कोई बदलाव होता ही है, जो जनता पर सीधे असर डालता है। (Change From 1st October)



