दिल्ली में ‘हिड़मा ज़िंदाबाद’ के नारे, छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री बोले- “बस्तर आकर सच्चाई देखें, बिना समझे टिप्पणी ठीक नहीं”
रायपुर। दिल्ली के इंडिया गेट पर प्रदर्शन के दौरान मारे गए माओवादी कमांडर हिड़मा के समर्थन में लगे नारों पर छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री विजय शर्मा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन कर रहे बच्चे जिन मुद्दों पर बात कर रहे हैं, वे न तो उन्हें समझते हैं और न ही उन्होंने कभी ज़मीन पर हालात देखे हैं।
यह भी पढ़े :- इंडिया गेट पर प्रदर्शन बेकाबू: नक्सली हिडमा के पोस्टर लहराए, कई हिरासत में
गृह मंत्री ने कहा-
“मैंने वीडियो देखा है। इसमें छोटे-छोटे बच्चे हैं, जो विभिन्न भावों से भरे हुए हैं, जो बिल्कुल अनुकूल नहीं है। वे जनता सरकार, सस्टेनेबल खेती और पर्यावरण संरक्षण जैसे जिन मुद्दों का ज़िक्र कर रहे हैं, उसका उन्हें कोई वास्तविक आकलन नहीं है।”
उन्होंने प्रदर्शनकारियों को छत्तीसगढ़ आने का निमंत्रण देते हुए कहा—
“वे चाहे तो बस्तर आकर देख लें। मुझे सूचना दें, मैं सारी व्यवस्था कर दूंगा। उन्हें एक बार बस्तर के पिछले 25 सालों का बदलाव देखना चाहिए। दिल्ली में बैठकर बातें करने से किसी को गुमराह नहीं किया जा सकता।”
गृह मंत्री ने कहा कि एक समय था जब बस्तर के गाँवों में न स्कूल थे, न अस्पताल, न आंगनबाड़ी केंद्र, न बिजली-पानी और न ही सड़कें थीं। “अब वहाँ विकास की गति तेज है और बदलाव साफ दिखता है।
उन्होंने युवाओं को नसीहत देते हुए कहा-
“बिना सोचे-समझे बातें कहना ठीक नहीं। देश के मुद्दों पर बोलना अच्छी बात है, लेकिन केवल सुनी-सुनाई बातों के आधार पर टिप्पणी करना उचित नहीं।”



